रिंग में दम दिखाएंगे गोरखपुर के सनी, किकबॉक्सर का दो अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों के लिए चयन
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय किकबाक्सर सनी सिंह का चयन सीनियर नेशनल और एशियन किकबाक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वह लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।

अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सर सनी सिंह की फाइल फोटो। (सोर्स- जागरण)
HighLights
सनी सिंह का सीनियर नेशनल और एशियन चैंपियनशिप में चयन।
लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते।
गोरखपुर में बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी देते हैं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रिंग में अपने पंच से प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती देने वाले दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय किकबाक्सर सनी सिंह ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उनका चयन सीनियर नेशनल किकबाक्सिंग चैंपियनशिप के साथ एशियन किकबाक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले सनी अब दो बड़ी प्रतियोगिताओं में अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।
सनी सिंह 28 नवंबर से सात दिसंबर तक कर्नाटक के मैसूर मेडिकल कालेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित सीनियर नेशनल किकबाक्सिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद 12 से 22 दिसंबर तक कंबोडिया में होने वाली एशियन किकबाक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन एशियन ओलिंपिक कमेटी (ओसीए) के तत्वावधान में किया जा रहा है। लगातार दो बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए चयन सनी के खेल कौशल और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रमाण है।
सनी का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय रिकार्ड उनकी मेहनत की कहानी बयां करता है। वह 2023 से 2026 तक लगातार चार बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2025-26 में दो अंतरराष्ट्रीय पदक भी हासिल किए हैं। उज्बेकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड कप-2024 में उन्होंने विश्व के शीर्ष 10 खिलाड़ियों में पांचवां स्थान हासिल किया था। वहीं, यूएई में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप-2025 में शीर्ष 20 खिलाड़ियों के बीच नौवां स्थान प्राप्त किया।
खेल के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सनी की सक्रियता उल्लेखनीय है। वह गोरखपुर के स्कूलों, कालेजों और मलिन बस्तियों में छह हजार से अधिक बालिकाओं को निश्शुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण दे चुके हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए 150 से अधिक पौधे भी लगा चुके हैं।
शहर में इको-वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देने में भी उनकी भूमिका रही है। गोवि के कुलपति प्रो.केपी सिंह ने सनी की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें विश्वविद्यालय का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के साथ सामाजिक कार्यों में उनकी भागीदारी दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।