सपा का 'मिशन 2027', गोरखपुर में बूथ मजबूत करने आ रहे प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल
समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गोरखपुर में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर ...और पढ़ें

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
सपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गोरखपुर में सक्रिय।
प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल दो दिन गोरखपुर दौरे पर।
खजनी, बांसगांव में पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलनों को करेंगे संबोधित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर गोरखपुर में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल दो दिन गोरखपुर में रहेंगे और खजनी व बांसगांव विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को खजनी और 18 सितंबर को बांसगांव में सम्मेलन होगा।
दोनों दिन प्रदेश अध्यक्ष सुबह 10 से 11 बजे तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्र में पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन शुरू होगा। इसमें विधानसभा व ब्लाक कमेटियों के पदाधिकारी, बूथ प्रभारी, बीएलए, जोन व सेक्टर प्रभारी, पीडीए कमेटी के सदस्य तथा फ्रंटल संगठनों के विधानसभा पदाधिकारी शामिल होंगे। संबंधित विधानसभा से जुड़े पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ फ्रंटल संगठनों के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों की भी मौजूदगी रहेगी।
लगातार दो दिनों में ग्रामीण क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर सम्मेलन आयोजित करने के पीछे संगठन को निचले स्तर तक सक्रिय करने पर जोर माना जा रहा है। खास तौर पर बूथ प्रभारी, बीएलए और सेक्टर-जोन प्रभारियों की भागीदारी से मतदाता सूची, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ता नेटवर्क से जुड़े मुद्दों पर सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- पहली बार गोरखपुर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, मिशन-2027 की परखेंगे तैयारी
हाल के कार्यक्रमों में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान करते रहे हैं। गोरखपुर में लगातार दो दिन होने वाले सम्मेलनों को पार्टी की चुनावी तैयारी के स्थानीय स्तर पर विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इनमें पीडीए के साथ संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर रहने की संभावना है।
