विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के सहजनवा में बनेगा छह लेन का एलिवेटेड फ्लाईओवर, मिलेगी 11 मीटर चौड़ी सर्विस रोड

Published: Sun, 18 Oct 2026 02:09 PM (IST)

गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर सहजनवा में साढ़े चार किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनेगा। इसमें 2.5 किमी हिस्सा छह लेन का होगा ...और पढ़ें

AI Image

AI Image

HighLights

  1. साढ़े चार किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर, 700 करोड़ लागत।

  2. ढाई किमी छह लेन, नीचे 11 मीटर चौड़ी सर्विस रोड।

  3. दूधिया रोशनी, हरियाली से रोशन होगा सहजनवा क्षेत्र।

जागरण संवाददाता, सहजनवा, (गोरखपुर)। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर नगर में प्रस्तावित फ्लाई ओवर का प्रारूप धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगा है। साढ़े चार किमी लंबे फ्लाई ओवर में दो किमी दूरी तक चार लेन में बनाया जाएगा, जबकि 2.5 किमी दूरी वाले एलिवेटेड फ्लाई ओवर को छह लेन बनाया जाएगा। नीचे करीब 11 मीटर की चौड़ी सर्विस रोड भी दी जा रही है। इसके अलावा जल निकासी के लिए डेढ़ मीटर चौड़ी नाली बनेगी और यह फुटपाथ का भी काम करेगा।

सहजनवा में हाईवे पर कालेसर जीरो प्वाइंट से रहीमाबाद तक आवागमन में हो रही परेशानी को देख मांग उठी। जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद करीब साढ़े चार किमी लंबे फ्लाई ओवर को शासन से मंजूरी मिली। लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च के लिए प्रस्तावित फ्लाई ओवर 68 पिलर पर बनेगा।

इसके दोनों तरफ 26-26 मीटर चौड़ी सड़क रहेगी। गैलेंट इस्पात के गेट से फ्लाई ओवर उठ कर कालेसर गांव स्थित ग्राहक सेवा केंद्र तक पहुंचेगा। थाना तिराहे से कालेसर गांव के पहले तक करीब ढाई किमी हिस्से में छह लेन का एलिवेटेड फ्लाई ओवर प्रस्तावित है। इसके नीचे आवागमन के लिए दोनों तरफ 11 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी।

इससे आसपास के लोगों को हाईवे पर चढ़े बिना बाजार और आसपास के क्षेत्रों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।गैलेंट इस्पात के गेट से थाना चौराहे तक करीब साढ़े सात मीटर चौड़ा सर्विस रोड बनाने की योजना है। इसके बाद डेढ़ मीटर चौड़ी नाली होगी। एनएचइएआइ के परियोजना प्रबंधक अंकित कुमार ने कहा कि फ्लाई ओवर का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।

दूधिया रोशनी से रोशन होगा फ्लाई ओवर
सहजनवा में हाईवे पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर के ऊपर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। रात के समय फ्लाई ओवर दूधिया रोशनी से रोशन रहेगा। इससे रात में आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की राप्तीनगर टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी परियोजना को मिली पर्यावरणीय मंजूरी, विकास को मिलेगी गति


पेड़-पौधे बढ़ाएंगे हरियाली
फ्लाई ओवर के किनारे पौधे लगाए जाने की योजना है। सड़क के दोनों ओर हरियाली विकसित होने से क्षेत्र का दृश्य बेहतर होगा। सर्विस रोड, नाली और फुटपाथ के साथ पौधारोपण की व्यवस्था से विकसित हो रहे सहजनवा को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

जिगिना पुल से नहीं होगी छेड़छाड़
हाईवे पर जिगिना के पास वर्तमान में बना पुल सुरक्षित रखा जाएगा। प्रस्तावित योजना के तहत पुल के ढांचे में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इससे मौजूदा पुल का इस्तेमाल जारी रहेगा और फ्लाई ओवर के निर्माण के साथ पुरानी संरचना भी बरकरार रहेगी।

यह भी पढ़ें- बकरी व भेड़ पालन में अब मिलेगी राहत, बैंक लोन और सब्सिडी प्रक्रिया के सरलीकरण की तैयारी