गोरखपुर की राप्तीनगर टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी परियोजना को मिली पर्यावरणीय मंजूरी, विकास को मिलेगी गति
गोरखपुर विकास प्राधिकरण की राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है। 338.50 करोड़ की ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी परियोजना के निर्माण में आ रही बड़ी बाधा दूर हो गई है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 338.50 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है।
करीब 31 महीने से इस स्वीकृति का इंतजार कर रहे प्राधिकरण को राज्य स्तरीय विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (एसईएसी) के समक्ष प्रस्तुतीकरण के बाद मंजूरी मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 मार्च 2024 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। अब स्वीकृति मिलने से शेष निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
207 एकड़ में विकसित होने वाली परियोजना में 174 एकड़ भूमि पर आधुनिक टाउनशिप और 33 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। योजना में कुल 2272 प्लाट प्रस्तावित हैं। इनमें 1412 आवासीय, 46 व्यावसायिक और 794 बिल्डर प्लाट शामिल हैं।
इसके अलावा दो अस्पताल, दो स्कूल/क्लब, पांच क्लीनिक और चार छात्रावास बनाने की भी योजना है। परियोजना के लिए टर्म्स आफ रेफरेंस (टीओआर) की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी थी। रेरा की मंजूरी मिलने के बाद प्लाट बुकिंग की प्रक्रिया भी चल रही है। करीब 18 एकड़ भूमि के मुद्रीकरण का अधिकार डेवलपर पीकेएच प्रोजेक्ट एलएलपी को मिला है।
पार्कों का काम पूरा, स्पोर्ट्स सिटी में विकसित होंगी खेल सुविधाएं
जीडीए के अनुसार परियोजना क्षेत्र में 16 पार्कों की चहारदीवारी का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पांच पार्कों की नींव तैयार है। स्पोर्ट्स सिटी की बाउंड्रीवाल, पवेलियन की नींव और बड़े पैमाने पर मिट्टी भराई के कार्यों को भी स्वीकृति मिल चुकी है। पर्यावरणीय मंजूरी के बाद इन कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
यह भी पढ़ें- बकरी व भेड़ पालन में अब मिलेगी राहत, बैंक लोन और सब्सिडी प्रक्रिया के सरलीकरण की तैयारी
स्पोर्ट्स सिटी में तीरंदाजी, निशानेबाजी, स्वीमिंग पूल, फुटबाल, क्रिकेट, बास्केटबाल, लान टेनिस और रनिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। टाउनशिप में आवासीय और व्यावसायिक जरूरतों के साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। परियोजना पूरी होने पर शहर को आधुनिक आवासीय क्षेत्र के साथ खेल गतिविधियों के लिए भी नया परिसर मिलेगा।
