विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के रामगढ़ ताल में जलस्तर घटने से हवा में फैली दुर्गंध, एल्गी की परत बनी समस्या

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:00 PM (IST)

गोरखपुर के रामगढ़ताल का जलस्तर तेजी से घट रहा है, जिससे किनारे की मिट्टी दिखने लगी है और दुर्गंध बढ़ रही है।

पानी कम होने की मुख्य वजह सहारा एस्टेट की तरफ बने आउटलेट से रिसाव था, जिसे अब जल निगम ने बंद कर दिया है।

पानी कम होने की मुख्य वजह सहारा एस्टेट की तरफ बने आउटलेट से रिसाव था, जिसे अब जल निगम ने बंद कर दिया है।

HighLights

  1. रामगढ़ताल का जलस्तर तेजी से घट रहा है।

  2. पानी में एल्गी की परत से दुर्गंध बढ़ रही है।

  3. आउटलेट से रिसाव बंद, जल निगम ने कार्रवाई की।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रामगढ़ताल का जलस्तर तेजी से घटने से किनारे की मिट्टी दिखाई देने लगी है। पानी कम होने के साथ ही ताल के आसपास दुर्गंध भी बढ़ने लगी है। पानी की सतह पर एल्गी (काई) की परत जमने से स्थिति और खराब हो रही है।

जलस्तर में गिरावट की एक प्रमुख वजह सहारा एस्टेट की तरफ बने आउटलेट से पानी का रिसाव माना जा रहा है। इस रास्ते पानी निकलकर तुर्रा नाले के माध्यम से नदी में जा रहा था। जानकारी मिलने पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने जल निगम के अधीक्षण अभियंता से फोन पर इसकी जानकारी मांगी थी।

यह आशंका जताई जा रही है कि सहारा एस्टेट की तरफ मछली पकड़ने वाले कुछ मछुआरे जलस्तर कम करने के लिए आउटलेट खोल देते हैं। इससे ताल का पानी बाहर निकलने लगता है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि आउटलेट किसने और किन परिस्थितियों में खोला था। जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक, सहारा एस्टेट की तरफ बने एक आउटलेट से लगातार पानी की निकासी हो रही थी। इसे बंद करा दिया गया है।

दूसरी तरफ, ठंड शुरू होने के साथ ही रामगढ़ताल में एल्गी पनपने की समस्या भी बढ़ने लगती है। तापमान कम होने के साथ ही नवंबर से जनवरी-फरवरी तक पानी की ऊपरी सतह पर एल्गी की परत बनने लगती है। इससे पानी और वातावरण के बीच आक्सीजन के आदान-प्रदान की प्रक्रिया प्रभावित होती है। पानी में घुलित आक्सीजन का स्तर कम होने से जैविक पदार्थों के सड़ने की प्रक्रिया तेज हो सकती है और दुर्गंध उठने लगती है। जलस्तर कम होने से किनारों पर जमा गंदगी और एल्गी की समस्या भी अधिक दिखाई देने लगी है।

विश्वविजय सिंह ने कहा कि रामगढ़ताल शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में जलस्तर में गिरावट और पानी से उठ रही दुर्गंध ने इसकी स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आउटलेट बंद होने के बाद अब जलस्तर में सुधार और पानी की गुणवत्ता पर नजर रखना जरूरी है।

जल निगम के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि रामगढ़ ताल के एक आउटलेट से पानी की निकासी हो रही थी। उसे बंद करा दिया गया है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के रामगढ़ ताल में सैकड़ों मछलियों की मौत, ऑक्सीजन की कमी बनी वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।