JEE Main की रैंक से मिलेगा रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनने का मौका, इन युवाओं को मिलेगा अवसर
रेलवे बोर्ड ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) पद के लिए नई तकनीकी प्रवेश योजना शुरू की है। इसमें 12वीं पीसीएम और जेईई मेन रैंक वाले युवाओं को वडोदरा के गति शक्ति विश्वविद्यालय में बीटेक के बाद नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रेलवे एसएसई पद के लिए नई तकनीकी योजना शुरू।
12वीं पीसीएम, जेईई मेन रैंक वाले युवा पात्र होंगे।
गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का बीटेक पाठ्यक्रम।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे बोर्ड ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) के पद पर भर्ती के लिए नई तकनीकी प्रवेश योजना (टेक्निकल एंट्री स्कीम-टीईएस) शुरू की है। इसके अंतर्गत कक्षा 12 में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषय की पढ़ाई करने वाले युवाओं को जेईई मेन की रैंक के आधार पर चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को वडोदरा स्थित गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का विशेष बीटेक पाठ्यक्रम कराया जाएगा।
पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद रेलवे में एसएसई पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। यह योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएंडटी) विभागों के लिए लागू होगी। इसका उद्देश्य रेलवे की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष इंजीनियर तैयार करना है।
रेलवे बोर्ड ने 20 नवंबर,2026 को आदेश जारी कर सभी क्षेत्रीय रेलवे, उत्पादन इकाइयों और रेलवे भर्ती बोर्डों को योजना के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। योजना में आवेदन के लिए अभ्यर्थी को भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। वर्तमान प्रवेश वर्ष की वैध जेईई मेन रैंक अनिवार्य होगी।
पिछले वर्षों की जेईई मेन रैंक मान्य नहीं होगी। अभ्यर्थी की आयु प्रवेश वर्ष की एक जुलाई को 17 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक होना और रेलवे चिकित्सा नियमावली के अनुसार मेडिकल श्रेणी में फिट होना भी जरूरी है।
प्रत्येक वर्ष प्रवेश की संख्या एसएसई संवर्ग की कुल रिक्तियों के पांच प्रतिशत अथवा गति शक्ति विश्वविद्यालय की प्रशिक्षण क्षमता, दोनों में से जो कम होगी, उसके आधार पर तय की जाएगी।
जेईई मेन रैंक के घटते क्रम में तैयार होगी अभ्यर्थियों की सूची
एससी, एसटी, ओबीसी (नान क्रीमीलेयर), ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण भी मिलेगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की सूची जेईई मेन रैंक के घटते क्रम में तैयार होगी। इसके आधार पर कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) के लिए अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया जाएगा।
इसके लिए 90वीं पर्सेंटाइल रैंक तक अथवा अधिसूचित सीटों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों को बुलाने का प्रविधान है। आरक्षित वर्गों के पर्याप्त अभ्यर्थी नहीं मिलने पर संबंधित श्रेणी की सीटों के 15 गुना तक अतिरिक्त अभ्यर्थियों को बुलाया जा सकेगा।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पाठ्यक्रम निर्धारित समय में पूरा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय में पढ़ाई पूरी करने और एक वर्ष का प्रारंभिक प्रशिक्षण लेने तक नियुक्ति नहीं मिलेगी। ऐसे अभ्यर्थी अपने मूल बैच के पहले नियुक्त हो चुके साथियों से वरिष्ठता का दावा भी नहीं कर सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।