विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला: खेल कोटे से भर्ती न होने वालों को भी मिलेगा आउट ऑफ टर्न प्रमोशन

Published: Fri, 30 Oct 2026 06:13 PM (IST)

रेलवे बोर्ड ने सामान्य भर्ती वाले कर्मचारियों के लिए खेल प्रोत्साहन का बड़ा फैसला लिया है। अब वे भी उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन पर आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन और अन्य सुविधाएं पा सकेंगे।

खेल कोटे से भर्ती न होने वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन।

खेल कोटे से भर्ती न होने वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन।

HighLights

  1. सामान्य भर्ती वाले कर्मचारियों को भी खेल प्रोत्साहन।

  2. उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन पर मिलेगा आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन।

  3. पात्रता खेल प्रदर्शन पर आधारित, भर्ती माध्यम पर नहीं।

प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। रेलवे बोर्ड ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सामान्य भर्ती से नौकरी पाने के बाद खेल के मैदान में प्रतिभा दिखाने वाले रेलवे कर्मचारी भी अब आउट-आफ-टर्न प्रमोशन और अन्य खेल प्रोत्साहनों के पात्र होंगे। उन्हें प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए नियमित ड्यूटी में मिलने वाली छूट के साथ खेल से जुड़ी अन्य निर्धारित सुविधाएं भी मिल सकेंगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारी किस माध्यम से रेलवे में भर्ती हुआ, यह खेल प्रोत्साहन का लाभ तय करने का आधार नहीं होगा। पात्रता उसके खेल प्रदर्शन, निर्धारित खेल मानकों और अन्य जरूरी शर्तों के आधार पर तय होगी।

इस फैसले का सीधा लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा, जो खेल कोटे से रेलवे में नहीं आए, लेकिन नौकरी के दौरान अपनी प्रतिभा के बूते रेलवे की टीम में जगह बनाने और निर्धारित स्तर पर प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं।

रेलवे बोर्ड ने 29 सितंबर, 2026 को जारी स्पष्टीकरण में इस संबंध में स्थिति साफ कर दी है। बोर्ड के अनुसार, आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन और अन्य खेल प्रोत्साहनों की पात्रता कर्मचारी की भर्ती के माध्यम की बजाय उसके खेल प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर तय होगी।

इसके लिए जरूरी है कि कर्मचारी भारतीय रेलवे द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों में भारतीय रेलवे या देश का प्रतिनिधित्व करे। साथ ही मौजूदा नीतिगत दिशा-निर्देशों में निर्धारित खेल मानकों और अन्य शर्तों को पूरा करे।

अभी तक खेल प्रोत्साहन के लाभ को लेकर यह स्थिति स्पष्ट नहीं थी कि रेलवे भर्ती सेल अथवा अन्य माध्यम से सामान्य पद पर भर्ती होने के बाद खेलना शुरू करने या रेलवे की टीम में जगह बनाने वाले कर्मचारी इसके पात्र होंगे या नहीं। आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने बोर्ड के इस फैसले का स्वागत किया है।

फेडरेशन के सहायक महामंत्री बसंत लाल चतुर्वेदी का कहना है कि बोर्ड के इस निर्णय से रेलवे में नौकरी के दौरान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। फेडरेशन ने इस प्रकरण को रेलवे बोर्ड के साथ आयोजित स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक में उठाया था।

यह भी पढ़ें- एम्स गोरखपुर में कैथ लैब का 70 प्रतिशत काम पूरा, जल्द मिलेंगी हृदय उपचार की आधुनिक सुविधाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।