यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी के इस शहर में बिजली सुधार के दावे खोखले, गर्मी बढ़ते ही होने लगी कटौती
UPPCL Power Cuts गर्मी बढ़ते ही गोरखपुर में बिजली कटौती बढ़ गई है। सुधार कार्यों के बावजूद उपभोक्ताओं को परेशानी ...और पढ़ें

HighLights
- कहीं सुधार कार्य तो कहीं लोकल फाल्ट के कारण ठप हो रही आपूर्ति
- गेहूं की फसल तैयार, अब सुबह से शाम तक बिजली कटने की आशंका
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बिजली सुधार से जुड़े कार्य लगातार होने के बाद भी गर्मी की शुरुआत में ही कटौती बढ़ने लगी है। कहीं सुधार कार्य तो कहीं लोकल फाल्ट के कारण बढ़ रही कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा दिक्कत ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू हुई है। यहां लोकल फाल्ट के कारण काफी देर से आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है।
जिले को 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश हैं। पारेषण की ओर से पूरी बिजली भी दी जा रही है लेकिन सुधार कार्यों में हुई लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। जर्जर तार अब भी बड़ी समस्या बने हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में एरियल बंच कंडक्टर के माध्यम से आपूर्ति के दावे किया जा रहे हैं लेकिन ज्यादातर जगहों पर इसका काम नहीं पूरा हो सका है।
जंगल कौड़िया संवाददाता के अनुसार जंगल कौड़िया क्षेत्र में मजनू चौराहा फीडर से आपूर्ति दी जाती है। गर्मी बढ़ने के कारण लोकल फाल्ट बढ़ गए हैं। जेई राम मनोहर विश्वकर्मा ने बताया कि गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने लगी है। इस कारण दिक्कत हो रही है। लोकल फाल्ट ठीक कराने के लिए शटडाउन लेना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें- यूपी के इस शहर में फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए नए लाइसेंस पर लगी रोक, जाम से बचने के लिए प्रशासन ने लिया फैसला
सरदारनगर संवाददाता के अनुसार लोकल फाल्ट के कारण सरदारनगर व जगदीशपुर उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में दिक्कत होती है। हालांकि अभियंता गड़बड़ी को तत्काल ठीक कराने के लिए सक्रिय हो जाते हैं।
ब्रह्मपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के नौवावारी पलिपा से दो दिन पूर्व तक ज्यादा बिजली कट रही थी। अब कुछ देर के आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है।
.jpg)
यूपीपीसीएल। जागरण
पिपरौली संवाददाता के अनुसार सहजनवां के जुड़ियान स्थित उपकेंद्र के खजनी, बरहुआ फीडर से दर्जनों गांवों को आपूर्ति दी जाती है। दिन में कई बार आपूर्ति बाधित हो रही है। अवर अभियंता आरके सिंह ने बताया कि लोकल फाल्ट ठीक करने के लिए शटडाउन लेना पड़ता है।
बेलघाट संवाददाता के अनुसार बेलघाट विधनापार उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में लोकल फाल्ट के कारण कटाैती हो रही है।
मुंडेरा बाजार संवाददाता के अनुसार लोकल फाल्ट के कारण आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है। यही हाल मझगांवा उपकेंद्र का भी है।
भीटीरावत संवाददाता के अनुसार भीटीरावत, सहजनवां के जुड़ियान स्थित उपकेंद्र के मगहर दक्षिणी तथा उत्तरी फीडर से विद्युत आपूर्ति में बार-बार व्यवधान आ रहा है।
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में बाढ़ और जलजमाव से निपटने की तैयारी पूरी, नाले, संपवेल में लगे सेंसर से मिलेगी पल-पल की जानकारी
पीपीगंज संवाददाता के अनुसार सुधार कार्यों के कारण कटौती हो रही है।
हरपुर बुदहट संवाददाता के अनुसार सहजनवां ब्लाक के दक्षिणांचल में दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति हरपुर अनंतपुर उपकेंद्र से होती है। लोकल फाल्ट के नाम पर बार-बार आपूर्ति ठप हो रही हे। जेई अवनीश पांडेय ने बताया कि हरपुर अनंतपुर फीडर में छिपकली घुस गई थी। इस कारण दिक्कत हुई।
कैंपियरगंज संवाददाता के अनुसार लोकल फाल्ट के कारण बिजली कट रही है।
