विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ पर मुकदमा कराने वाले परवेज परवाज की मौत, गोरखपुर जिला कारागार में काट रहा था उम्रकैद की सजा

By Satish Kr. PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Sun, 11 Oct 2026 01:10 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर जिला कारागार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे परवेज परवाज (72) की शनिवार ...और पढ़ें

परवेज परवाज की फाइल फोटो। जागरण

परवेज परवाज की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. परवेज परवाज की गोरखपुर जेल में मौत।

  2. सामूहिक दुष्कर्म में काट रहा था आजीवन कारावास।

  3. योगी आदित्यनाथ पर मुकदमा दर्ज कराने को था चर्चित।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे परवेज परवाज (72) की शनिवार देर रात मौत हो गई। जिला कारागार के अस्पताल बैरक में तबीयत बिगड़ने पर जेल के चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया था। वहां उपचार के दौरान रात 2:50 बजे उसकी मौत हो गई।

परवेज परवाज वर्ष 2007 में गोरखपुर में हुए दंगे के बाद भी चर्चा में आया था। उसने उस समय गोरखपुर के सांसद रहे और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था,जाे जांच में फर्जी पाया गया।

राजघाट के तुर्कमानपुर निवासी परवेज परवाज का नाम वर्ष 2007 में गोरखपुर में हुए दंगे के मामले में सामने आया था। उसने तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इस प्रकरण की जांच और उसमें सामने आए निष्कर्षों को लेकर उस समय काफी चर्चा हुई थी।

इसके बाद भी परवेज परवाज का नाम कई मामलों में चर्चा में रहा। वह 26 सितंबर 2018 से जिला कारागार में बंद था। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 28 जुलाई 2020 को उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके अतिरिक्त वह पायरेटेड सीडी प्रसारित करने के मामले में भी आरोपित था।

सेवन सीएलए के एक मामले में उसे सजा हुई थी। जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय के अनुसार परवेज परवाज को बीपी, शुगर और सांस संबंधी बीमारी थी। शनिवार रात करीब 2:15 बजे अस्पताल बैरक में उसकी तबीयत बिगड़ गई।

यह भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ से उत्तर प्रदेश में अलर्ट, महराजगंज और कुशीनगर में पड़ेगा असर

जेल अस्पताल के चिकित्सक ने स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रात 2:50 बजे उसकी मौत हो गई। परवेज परवाज के परिवार को सूचना दे दी है। रविवार को ही उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर म्युनिसिपल बांड: 80 करोड़ जुटाने की तैयारी, सीएम योगी बजा सकते हैं ओपनिंग बेल