गोरखपुर से भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का तंज, 'राहुल गांधी पार्ट टाइम नेता, भाजपा 24 घंटे जनता के बीच'
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को 'युवराज' बताते हुए उन पर परिवारवाद और चुनाव केंद्रित ...और पढ़ें

महाराणा प्रताप इंटर कालेज मैदान में एनडीए की ओर से आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा सभा को संबोधित करते भापपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन । अभिनव राजन चतुर्वेदी।
HighLights
राहुल गांधी, अखिलेश यादव को 'युवराज' कहकर साधा निशाना।
भाजपा कार्यकर्ता 24 घंटे जनता के बीच, विपक्ष चुनाव केंद्रित।
योगी सरकार ने यूपी को बीमारू से उत्तम प्रदेश बनाया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा से पहले संबोधन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी व अखिलेश यादव को कथित युवराज बताते हुए जमकर तंज किया। कहा कि राजनीति को परिवार की विरासत समझने वाले युवराजों को जनता बार-बार जवाब दे रही है। उनकी राजनीति चुनाव के आसपास सक्रिय होती है और चुनाव खत्म होते ही गायब हो जाती है। इसके उलट भाजपा का कार्यकर्ता 24 घंटे जनता के बीच रहकर काम करता है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता अपनी विफलताओं का हिसाब देने के बजाय हर बार नया बहाना तलाशते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा तो खूब दिया, लेकिन गरीबों की जिंदगी बदलने के लिए ठोस काम नहीं किया।
इसके उलट भाजपा सरकार ने युवाओं को अवसर देने के साथ रोजगार के नए रास्ते खोले हैं। उत्तर प्रदेश में 12.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। विपक्ष इस उपलब्धि के आसपास भी नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बंद पड़ा खाद कारखाना फिर से शुरू हुआ है।
जिन संस्थानों और औद्योगिक गतिविधियों को पिछली सरकारों ने आगे नहीं बढ़ाया, उन्हें भाजपा सरकार ने नई गति दी है। आज गोरखपुर औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है और युवाओं के सामने रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
पंक्चर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं दौड़ सकती
सपा के चुनावी दावों पर तंज करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह कहते हैं कि साइकिल फिर दौड़ेगी, लेकिन उत्तर प्रदेश अब एक्सप्रेसवे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। पंक्चर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती। प्रदेश को अब विकास की गति चाहिए, न कि पुरानी राजनीति और परिवारवाद। उन्होंने कहा कि 2012, 2017 और 2022 के चुनावों में भी उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता का रुख देखा है। जनता ने विपक्ष को नकारा, लेकिन विपक्ष ने अपनी हार से कोई सबक नहीं लिया।
जल लोग महामारी से जूझ रहे थे, युवराज घर में दुबके थे
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब लोग महामारी के संकट से जूझ रहे थे, तब विपक्ष के तथाकथित युवराज घरों में दुबके थे। सड़कों पर भाजपा के कार्यकर्ता और नेतृत्वकर्ता सेवा करते नजर आ रहे थे। मुफ्त टीकाकरण को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने सवाल उठाए थे और इसे मोदी वैक्सीन कहकर विरोध किया था, लेकिन बाद में सभी ने टीका लगवाया।
चुनाव जीतने तक सीमित नहीं भाजपा की राजनीति
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की राजनीति चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है। पार्टी का कार्यकर्ता पूरे समय जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में तप और समर्पण के साथ काम किया है। उनसे जवाब मांगने वालों को पहले अपने काम का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष की राजनीति को नकारात्मक बताते हुए कहा कि उसकी चिंता देश के विकास से अधिक अपने परिवार और राजनीतिक विरासत को बचाने की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए विकास की रफ्तार रुकने न दें।
यह भी पढ़ें- 'यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार', गोरखपुर में नितिन नवीन बोले- 2027 में सपा-कांग्रेस का होगा सफाया
सीएम योगी के नेतृत्व को मुक्तकंठ से सराहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर उत्तम और विकसित प्रदेश बन चुका है। तीन दशकों से बंद खाद कारखाना शुरू हुआ, गोरखपुर इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभरा, एम्स और नए शिक्षण संस्थान स्थापित हुए। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करते हुए राज्य में लाखों सरकारी नौकरियां पारदर्शी तरीके से दी गईं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।