मिनी नंदी योजना: अब घर बैठे दूसरे राज्यों से साहीवाल और गिर जैसी दुधारू गाय खरीद सकेंगे पशुपालक, नई सुविधा शुरू
नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में अब पशुपालक घर बैठे प्रदेश के बाहर से साहीवाल और गिर नस्ल की गाय मंगा सकेंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
पशुपालक अब घर बैठे गाय मंगा सकेंगे।
साहीवाल और गिर नस्ल की गाय उपलब्ध।
दूसरे राज्यों से खरीद की प्रक्रिया हुई आसान।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर।नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में चयनित पशुपालक अब प्रदेश के बाहर के व्यापारियों से साहीवल और गिर नस्ल की दुधारू गाय मंगा सकेंगे। चयनित पशुपालकों का काम आसान करने के लिए एसीएस ने यह व्यवस्था दी है। इससे पहले चयनित पशुपालक को स्वयं प्रदेश के बाहर से गाय लाने की बाध्यता थी।
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में चयनित किसानों को गुजरात, राजस्थान समेत अन्य प्रदेश से देसी नस्ल की 10 गाय खरीद कर लानी पड़ती है। इसमें उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहां के व्यापारियों से संपर्क करना, गाय का मूल्य तय कर खरीदना और वाहन खोजकर ले आना, उनके लिए कठिन काम हो जाता था।
कई पशुपालकों को गाय खरीदने के लिए कई बार जाना पड़ता था। इससे धन का अपव्यय होता था। वहीं, प्रदेश के हर जिले में पशु मेला लगता है। इसमें दूसरे प्रदेश के व्यापारी अपनी देसी नस्ल की गाय बेचने के लिए आते हैं। पशुपालन विभाग के एसीएस ने योजना में चयनित पशुपालकों के लिए अब यह छूट दी है कि वह यहां के मेले में आने वाले व्यापारियों से संपर्क कर उनसे वहां से गाय मंगा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सिर्फ 80 दिनों में 300 क्विंटल तक ये खास आलू उगाकर किसान कर सकते हैं मोटी कमाई, बीज पर भी मिलेगी सब्सिडी
वहां से गाय की खरीद की रसीद व वाहन का पूरा ब्योरा पशुपालन विभाग को उपलब्ध कराना होगा। यह पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। व्यापारी इस कार्य में लगे हुए हैं, इसलिए यह कार्य उनके लिए आसान है। व्यापारियों को थोक खरीददार मिल जाएंगे तो यहां के पशुपालकों का काम आसान हो जाएगा।
योजना में चयनित पशुपालक मेले में आने वाले व्यापारियों से संपर्क कर वहां से गाय मंगा सकते हैं। गाय खरीदने की रसीद व लाने वाले वाहन का ब्योरा उपलब्ध कराना है।
डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
