विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिर्फ 80 दिनों में 300 क्विंटल तक ये खास आलू उगाकर किसान कर सकते हैं मोटी कमाई, बीज पर भी मिलेगी सब्सिडी

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:07 PM (GMT+05:30)

उद्यान विभाग अमेठी के किसानों को कुफरी बहार, पुखराज और सिंदूरी आलू के बीज उपलब्ध कराएगा, जिससे 80 दिनों में अच्छी पैदावार मिलेगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. उद्यान विभाग देगा कुफरी बहार, पुखराज, सिंदूरी आलू बीज।

  2. 80 दिन में तैयार होगी फसल, प्रति हेक्टेयर 300 क्विंटल उत्पादन।

  3. पंजीकरण पर 25% भुगतान, सब्सिडी सीधे किसानों के खाते में।

जागरण संवाददाता, अमेठी। उद्यान विभाग की ओर से किसानों को आलू बीज देने की तैयारी की गई है। कुफरी बहार, पुखराज व सिंदूरी प्रजाति की आलू किसान की आर्थिक स्थिति को सुधारने में मददगार साबित होगी। यह फसल सिर्फ 80 दिन में तैयार हो जाती है। इसका उत्पादन करीब ढाई से तीन सौ क्विंटल प्रति हेक्टेयर होता है।

उद्यान विभाग ने निदेशालय से आलू की मांग की गई है। उद्यान अधिकारी प्रमोद यादव ने बताया कि आलू का बीज प्राप्त करने के लिए किसान अपना आधार कार्ड व मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन करा लें, जिससे किसानों को उनकी मांग के अनुसार बीज की आपूर्ति कराई जा सके।

निदेशालय की तरफ से जारी रोस्टर के हिसाब से आलू का बीज जिले को प्राप्त हो होने की जल्द संभावना है। बताया कि इस बार ऑनलाइन आवेदन कर 25 प्रतिशत भुगतान जमा करना होगा। वहीं सब्सिडी की राशि डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजी जाएगी।

करीब 4500 हेक्टेयर में होती है आलू की खेती

जिले में करीब 45 सौ हेक्टेयर क्षेत्रफल में आलू की खेती की जाती है। बहादुरपुर, बाजारशुकुल, जगदीशपुर, भादर व संग्रामपुर में आलू की खेती सबसे ज्यादा होती है।

ऐसे तैयार करें आलू के खेत की मिट्टी

कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के मृदा वैज्ञानिक देवेश पाठक ने बताया कि आलू की अगेती फसल की बोआई 15 सितंबर से प्रारंभ हो जाती है। अच्छी पैदावार के लिए किसान जल निकास युक्त बलुई दोमट मिट्टी का चयन करें। खेत की दो से तीन बार गहरी जोताई कर मिट्टी भुरभुरी बना दें।

लाइन से लाइन की दूरी 60 व पौधे से पौधे की दूरी 15 से 20 सेंटीमीटर रहे। एक एकड़ खेती के लिए 12 से 14 क्विंटल रोग रहित शुद्ध बीज आलू का लगता है। प्रत्येक बीज का वजन 30 ग्राम से कम न हो। अच्छी पैदावार लिए 70 किलोग्राम नाइट्रोजन, 35 किलोग्राम फास्फेट, 40 किलोग्राम पोटाश का प्रयोग करें।

यह भी पढ़ें- मोती संवर्धन योजना: तालाबों में मछलियों के साथ मोती पालन कर किसान करेंगे मोटी कमाई, मिलेगी 4 लाख तक की सब्सिडी

आलू के बीज का होगा आवंटन

  • आलू बीज की प्रजाति-आवंटित बीज की मात्रा
  • कुफरी बहार-25 क्विंटल
  • कुफरी पुखराज- 65 क्विंटल
  • कुफरी सिंदूरी-18 क्विंटल

पहले आओ, पहले पाओ

जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि आलू के बीज की मांग की गई है। नकद भुगतान पर किसानों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बीज का वितरण किया जाएगा। जल्द से जल्द किसान अपना पंजीकरण करा लें।