विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोती संवर्धन योजना: तालाबों में मछलियों के साथ मोती पालन कर किसान करेंगे मोटी कमाई, मिलेगी 4 लाख तक की सब्सिडी

By Nafees Edited By: Sachin Sharma
Published: Sun, 11 Oct 2026 01:24 PM (IST)Updated: Sun, 11 Oct 2026 01:37 PM (IST)

अयोध्या के रुदौली में अब किसान मछली पालन के साथ मोती उत्पादन कर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। उत्तर प्रदेश मोती ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. मोती संवर्धन योजना से किसानों की आय में वृद्धि होगी।

  2. सीप पालन के लिए 4 लाख रुपये तक का अनुदान।

  3. किसानों को मोती उत्पादन का वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिलेगा।

नफीस खां, अयोध्या। रुदौली के तालाबों में अब मछलियों के साथ मोती भी पलेंगे। इससे मत्स्य पालकों की आमदनी बढ़ाने का नया रास्ता खुल सकता है। उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना के तहत किसानों को वैज्ञानिक तरीके से सीप पालन कर मोती उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

योजना में इकाई के आकार के अनुसार एक से चार लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। रुदौली क्षेत्र में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब एक हजार हेक्टेयर तालाबों में मछली पालन होता है। यहां प्रतिवर्ष लगभग दस हजार टन मछली उत्पादन होने का आंकड़ा है। ऐसे में मछली पालन के साथ मोती उत्पादन शुरू होने से किसानों को अतिरिक्त आय का अवसर मिल सकता है।

योजना के तहत 440 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 2,000 सीप, 555 वर्गमीटर में 5,000 सीप और 1,000 वर्गमीटर में 15,000 सीप पालन की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इन इकाइयों के लिए क्रमशः एक लाख, तीन लाख और चार लाख रुपये तक सब्सिडी का प्रावधान बताया गया है। योजना में 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाना है।

पात्र किसान कर सकते हैं आवेदन

मोती उत्पादन के लिए किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अधिकृत प्रशिक्षक खेत-तालाब तैयार करने, सीपों की देखभाल, न्यूक्लियस प्रत्यारोपण और मोती तैयार करने की प्रक्रिया में मार्गदर्शन करेंगे। सीप खरीदने में भी चयनित प्रशिक्षकों के माध्यम से सहयोग की व्यवस्था है।

शुजागंज के मत्स्य पालक मंसूर आलम अंसारी ने बताया कि सरकारी योजनाओं से मत्स्य पालकों को प्रोत्साहन मिलता है। वहीं, गयाशंकर कश्यप ने कहा कि मछली पालन के साथ मोती उत्पादन को बढ़ावा मिलने से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

जिला मत्स्य पालन विभाग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुषमा निषाद ने बताया कि योजना का लाभ निजी भूमि पर बने खेत-तालाबों में मोती पालन करने वाले पात्र किसानों को दिया जाना है, पोर्टल पर पात्र किसान आवेदन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- PM उज्ज्वला योजना: दीपावली पर लाखों लाभार्थियों को मुफ्त सिलिंडर देने की तैयारी में यूपी सरकार, जल्द हो सकता है एलान