गोरखपुर में लॉरेंस गिरोह असलहा तस्करी: 31 आरोपी नामजद, 26 की तलाश में STF की छह राज्यों में दबिश
एसटीएफ ने लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े असलहा तस्करी मामले में 31 लोगों को आरोपी ...और पढ़ें

एसटीएफ ने पांच आरोपितों गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल। जागरण
HighLights
लॉरेंस, गोल्डी, रोहित गिरोह से जुड़े 31 आरोपी नामजद।
पांच आरोपी गिरफ्तार, 26 की तलाश में छह राज्यों में दबिश।
आरोपियों के डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल-बैंक खातों की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। लारेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ एवं रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े असलहा तस्करी के मामले में एसटीएफ ने अपनी रिपोर्ट (फर्द) में 31 लोगों को आरोपित बनाया है। इनमें पांच को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 26 आरोपितों की तलाश में एसटीएफ की टीमें बिहार, मध्यप्रदेश और हरियाणा के अलावा गोरखपुर, कुशीनगर व महराजगंज में दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार लारेंस, रोहित और गोल्डी पहले एक साथ काम करते थे। लेकिन, आपसी दुश्मनी के चलते तीनों ने अपना-अपना गिरोह बना लिया है और असलहा तस्करी का काम करते है। एसटीएफ प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह की तहरीर पर कैंट थाने में दर्ज मुकदमें में पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
एसटीएफ ने सोमवार रात विंध्यवासिनी पार्क के पास से पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को जेल भेजे गए आरोपितों की पहचान श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। एसटीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों से 26 अन्य लोगों के नाम लिए हैं।
प्रकाश में आए आरोपितों में बिहार के बेतिया निवासी शशांक पांडेय, मध्यप्रदेश के देवेंद्र सक्सेना और हरियाणा के सुमित कुमार दिलावर समेत गोरखपुर व आसपास के जिलों के लोग शामिल हैं। एसटीएफ प्रभारी के अनुसार, शशांक पांडेय की तलाश में एक टीम उसके बिहार स्थित पैतृक गांव पहुंची है। टीम उसके पुराने संपर्कों और खोराबार थाना क्षेत्र में रहने के दौरान जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। तीन अन्य टीमें शहर और आसपास के जिलों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
वहीं गिरफ्तार आरोपितों के साथ शामिल फरार चल रहे पांच आरोपितों की तलाश में एसटीएफ और पुलिस की टीम मंगलवार की देर रात महराजगंज जिले में भी गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो आरोपित अपने दोस्त के घर ठहरे है। हालांकि टीम के पहुंचने पर दोनों वहां नहीं मिले। इसके अलावा एसटीएफ की टीमें आरोपितों के इंटरनेट मीडिया अकाउंट भी खंगाल रही हैं।
इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफार्म पर उनकी गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के बीच संपर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

आरोपितों के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितो के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच हो रही है। पुलिस संपर्क में रहे नंबरों और लेनदेन का मिलान किया जा रहा है। इससे उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश है, जो हथियारों की खरीद-फरोख्त में आरोपितो के संपर्क में रहे। पुराने आर्म्स एक्ट के मामलों में बरामद हथियारों के स्रोत की जानकारी भी मौजूदा जांच से मिलाई जा रही है। टीम यह पता लगा रही है कि गिरफ्तार आरोपितो से हथियार लेने वाले कौन लोग थे और उनके संपर्क आगे किन लोगों से जुड़े थे।
असलहा तस्करी इन्हें बनाया गया आरोपित
बिहार के बेतियाह चिउंटहा निवासी शशांक पांडेय, मध्यप्रदेश इंदौर के निपानियां काकड़ स्मृति कालेज निवासी देवेंद्र सक्सेना, हरियाणा के सोनीपत गांधीनगर गुहाना निवासी सुमित कुमार दिलावर, रामगढ़ताल के लहसड़ी निवासी बीरू साहनी, कप्तानगंज के बोदरवार निवासी अनुराग सिंह, देवरिया निवासी मोनू सिंह, कैंट के बिलंदपुर निवासी यश सिंह, महाराजगंज निवासी गौरव शर्मा, तिवारीपुर माधोपुर निवासी साहिल कन्नौजिया, शाहपुर के हड़हवा फाटक निवासी विकास उर्फ विक्की ठाकुर, कुशीनगर के कप्तानगंज निवासी आकाश सिंह, आसिफ, महाराजगंज के फरेंदा निवासी सिद्धार्थ प्रजापति, चिलुआताल के बरगदवां निवासी मनीष यादव, श्रेयांश यादव निवासी बड़हरा जगदीशपुर कैंट, भटवलिया कालीमंदिर आगरा निवासी अजीत यादव, गोरखनाथ धर्मशाला बाजार निवासी अभिषेक गौड़, तिवारीपुर माधोपुर निवासी अभिषेक प्रजापति, गोरखनाथ धर्मशाला बाजार निवासी राहुल गुप्ता, बेनीगंज जाफरा बाजार निवासी अंकित अग्रवाल, कुशीनगर निवासी कृष्णा काका, गोरखनाथ के धर्मशाला बाजार निवासी करन सोनकर, शिवम चौबे, सहजनवां के बघौरा निवासी ऋतिक सिंह, रामगढ़ताल थाना के तारामंडल निवासी अनुज सिंह बाक्सर, सहजनवा निवासी अमरजीत सिंह, रामगढ़ताल के बड़गो निवासी विशाल गौड़, कैंट के रेलवे स्टेशन रोड निवासी अमन कुमार पासवान, बिहार के गोपालगंज निवासी रणधीर यादव और संतकबीरनगर के मेहदावल निवासी चंद्र प्रकाश सिंह को आरोपी बनाया गया है। इनमें से पांच आरोपितो को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- 'चांद छोड़कर चला गया...' WhatsApp स्टेटस लगाकर पति ने की खुदकुशी, दूसरी पत्नी ने भी साथ रहने से कर दिया था इनकार
विदेश भागने की फिराक में एक आरोपित
एसटीएफ ने असलहा खरीदने के मामले में पीएसी जवान के साथ जिले के पांच को नामजद किया है। इसमें से एक आरोपित ने हत्या की साजिश के तहत गिरोह से असलहा खरीदा था। इसके लिए उसने योजना भी तैयार कर रखी थी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह विदेश भागने के फिराक में था। इसके लिए उसने पासपोर्ट भी बनवा लिया है। सूत्रों के अनुसार उसकी शादी भी तय है और ससुराल पक्ष विदेश में ही रहता है।
