गोरखपुर घाट हादसा: पत्थरों की गुणवत्ता पर IIT BHU की रिपोर्ट तैयार, प्रशासन को जल्द सौंपेंगे एक्सपर्ट्स
गोरखपुर के महायोगी गुरु गोरक्षनाथ घाट और रामघाट पर बने गजीबो के पत्थरों की जांच आईआईटी बीएचयू ने पूरी कर ...और पढ़ें

महायोगी गुरू गोरक्षनाथ घाट पर बनें गुंबद के चारों तरफ किया गया बैरकेटिंग। जागरण
HighLights
आईआईटी बीएचयू ने गुरु गोरक्षनाथ घाट पत्थर जांच पूरी की।
सिंचाई विभाग को MMMUT रिपोर्ट और बजट का इंतजार।
घाट पर मुख्य द्वार का निर्माण कार्य अभी भी अधूरा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महायोगी गुरु गोरक्षनाथ घाट और रामघाट पर बने गजीबो के पत्थरों की जांच पूरी हो गई है। सिंचाई विभाग के अनुरोध पर आइआइटी बीएचयू के विशेषज्ञों ने जांच की है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग को मिलने की उम्मीद है।
इस बीच, घाट पर सुंदरीकरण को लेकर मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों की रिपोर्ट का सिंचाई विभाग को इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद सुंदरीकरण कार्य को लेकर व्यवस्था बनाई जाएगी। माना जा रहा है कि विशेषज्ञों की टीम गजीबो को ध्वस्त कराकर कंक्रीट से नए सिरे से निर्माण व डिजाइन बनाने की संस्तुति करेगी।
महायोगी गुरु गोरक्षनाथ घाट पर गजीबो का ऊपरी हिस्सा गिरने से दो अधिवक्ताओं की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पत्थर की गुणवत्ता और बचे गजीबो को लेकर विशेषज्ञों से जांच कराने का निर्णय लिया गया था। मामले में प्रशासन की टीम ने भी जांच कमेटी का गठन किया है। हालांकि अब तक कोई रिपोर्ट नहीं आ सकी है।
आइआइटी गुवाहाटी को चाहिए 20 लाख रुपये
सिंचाई विभाग ने आइआइटी गुवाहाटी के विशेषज्ञों से भी घाट पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के साथ ही भविष्य की कार्ययोजना देने के लिए निवेदन किया था। आइआइटी गुवाहाटी ने पहले 20 लाख रुपये जमा करने को कहा। इसके बाद बजट को लेकर मामला फंसा हुआ है।
सिंचाई विभाग के पास इस मद में कोई बजट न होने के कारण मामला शासन को संदर्भित कर दिया गया है। अभियंताओं का कहना है कि यदि बजट को स्वीकृति नहीं मिली तो मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझाव के आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अब बकरी पालन से स्वरोजगार होगा आसान, सरकार 100 बकरियों की यूनिट पर दे रही 50 प्रतिशत सब्सिडी
घाट पर मुख्य द्वार का काम अधूरा
सिंचाई विभाग गुरु गोरक्षनाथ घाट पर नए सिरे से मुख्य द्वार का निर्माण करा रहा है। बाढ़ आने के कारण घाट पर पानी भर गया था। इस कारण मुख्य द्वार का काम रुक गया था। अभी काम शुरू नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि मुख्य द्वार का निर्माण करने के लिए सिंचाई विभाग ने गेट के सामने खोदाई कर दी है।
लोगों को घाट तक पहुंचने में बहुत मुश्किल हो रही है। घाट पर आने वाले नागरिकाें का कहना है कि अगले महीने दीपावली है। इसके बाद छठ पूजा और दीपोत्सव का कार्यक्रम होता है। यदि सिंचाई विभाग ने काम तेजी से नहीं किया तो श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
