विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमसफर एक्सप्रेस में खाने की थाली पर मनमानी वसूली, IRCTC ने की कार्रवाई

Published: Thu, 14 May 2026 12:47 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर में हमसफर एक्सप्रेस में IRCTC की टीम ने औचक छापेमारी की, जहाँ वेंडर 80 रुपये की थाली 150-200 रुपये ...और पढ़ें

आइआरसीटीसी की टीम ने हमसफर ट्रेन में की छापेमारी। जागरण

आइआरसीटीसी की टीम ने हमसफर ट्रेन में की छापेमारी। जागरण

HighLights

  1. हमसफर एक्सप्रेस में खाने की थाली पर मनमानी वसूली।

  2. IRCTC टीम ने 50 थालियाँ जब्त कर कुलियों में बाँटीं।

  3. वेंडर के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति, अभियान जारी रहेगा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। हमसफर एक्सप्रेस के ट्रेन साइड वेंडर (टीएसवी) 80 रुपये की खाने की थाली 150 से 200 रुपये में बेच रहे थे। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) की टीम ने बुधवार को ट्रेन में औचक छापेमारी की तो खाने की थाली के नाम पर मनमाना वसूली का पर्दाफाश हुआ।

वेंडर खाने की थाली में सिर्फ पनीर की सब्जी बढ़ाकर दोगुणा से अधिक मनमाना पैसे वसूल रहे थे। जबकि, खाने की थाली का दाम 80 रुपये निर्धारित किया गया है। आइआरसीटीसी की टीम ने मौके पर ही 50 थालियों को जब्त कर लिया। जब्त थालियां कुलियों के बीच बांट दी गईं। ट्रेन साइड वेंडिंग के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भी कर दी गई है। छापेमारी के दौरान वेंडरों में हड़कंप मचा रहा।

गोरखपुर से आनंदविहार के बीच चलने वाली हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन में खान-पान की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रेन को चेक करने के लिए संबंधित इंस्पेक्टरों व सुपरवाइजरों को निर्देशित किया था।

आइआरसीटीसी की टीम ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर आनंदविहार जाने के लिए खड़ी 12571 नंबर की हमसफर में शाम 06:30 बजे के आसपास औचक छापेमारी की। वेंडर दोगुणा से अधिक मूल्य पर खाने का पैकेट बुक करते हुए पकड़ लिए गए।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की उरुवा गैस एजेंसी पर दुर्व्यवहार और कालाबाजारी का आरोप, नोटिस जारी

खाने की थाली का मनमाना कीमत तो वसूल ही रहे थे, अनधिकृत रूप से अनअप्रूव्ड बिस्किट और केक भी बेच रहे थे। आइआरसीटीसी की टीम ने बिस्किट और केक के पैकेट को भी जब्त कर लिया। मौके पर ही खानपान की सामग्री का वितरण कराने के बाद संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति सुनिश्चित कर दी।

आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार ट्रेनों में खानपान को लेकर सघन अभियान चलाया जाएगा। पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनों में खानपान व पानी की बिकी को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।'