गोरखपुर की उरुवा गैस एजेंसी पर दुर्व्यवहार और कालाबाजारी का आरोप, नोटिस जारी
गोरखपुर के उरुवा बाजार में मां लक्ष्मी इंडेन ग्रामीण वितरक को ग्राहकों से दुर्व्यवहार और कालाबाजारी के आरोप में कारण ...और पढ़ें

लगातार मिल रही अनियमितता और ग्राहकों से अभद्रता पर अधिकारियों ने लगाई फटकार। जागरण
HighLights
उरुवा गैस एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी।
ग्राहकों से दुर्व्यवहार, कालाबाजारी के आरोप।
जांच में अनियमितताएं मिलीं, आगे की कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। उरुवा बाजार में मां लक्ष्मी इंडेन ग्रामीण वितरक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ग्राहकों से दुर्व्यवहार, कालाबाजारी, मारपीट समेत कई मामलों में तेल कंपनी के सेल्स आफिसर और जिला पूर्ति अधिकारी ने नोटिस जारी किया है।
उरुवा क्षेत्र के ग्राहकों को दूसरी एजेंसियों से भी जोड़ने पर मंथन चल रहा है। ग्राहकों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर आसपास की एजेंसियों से संबद्ध करने का अनुरोध किया है। बताया है कि एजेंसी पर ग्राहकों की संख्या बहुत ज्यादा हो जाने के कारण आपूर्ति में लगातार व्यवधान आ रहा है। कालाबाजारियों की ज्यादा पूछ है यहां।
मां लक्ष्मी इंडेन ग्रामीण वितरक उरुवा बाजार पर अनियमितता के आरोप की जांच बीते दिनों सेल्स अफसर ने की थी। ग्राहक रमेश चंद्र गौड़, प्रदीप त्रिपाठी आदि ने इंडियन आयल, मुख्यमंत्री पोर्टल, प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की थी। इस पर इंडियन आयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेल्स अफसर द्वारा 27 अप्रैल 2026 को जांच की गई थी।
अधिकारियों ने जांच में पाया कि कुकिंग गैस वितरक द्वारा कैश एंड कैरी रिबेट नहीं दिया जा रहा है। यानी गोदाम से सिलिंडर देने में 33 रुपये की छूट की कौन कहते प्रति सिलिंडर एक हजार रुपये से ज्यादा लिए जा रहे हैं।
इंडियन आयल के उप महाप्रबंधक रवि कुमार चंदेरिया ने बताया कि मां लक्ष्मी इंडियन की सेल्स आफिसर ने जांच की थी। अनियमितता मिली है। कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएसी वाले ग्राहकों को पहले मिला सिलिंडर
चौरी चौरा क्षेत्र के अमित एचपी गैस ग्रामीण वितरण, गौनर पर बुधवार को छह दिन बाद गैस सिलिंडर पहुंचा। सिलेंडर आते ही उन ग्राहकों को प्राथमिकता दी गई जिनका डिलीवरी अथेंटिकेशन कोड संचालक ने ले लिया था। डीएसी देने के बाद भी सिलिंडर न मिलने से ग्राहकों की नाराजगी बढ़ती जा रही थी। दैनिक जागरण बुधवार के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर सिक्सलेन सड़क बनी जानलेवा, गड्ढों से रोज हो रहे हादसे
छह दिन बाद भी नहीं आया सिलिंडर
खजनी तहसील के करम देवा स्थित इंडियन आयल की वसुप्रदा इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर छठें दिन भी सिलिंडर नहीं पहुंचा। इस कारण ग्राहकों का हाल बेहाल हो गया है। धूप में तड़के सुबह से देर शाम तक लाइन लगाने के बाद भी ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। एजेंसी पर आठ हजार से ज्यादा ग्राहक हैं।
लक्ष्मीना, कलावती, सुमित्रा, अनिता, अमिता, कौशल्या, पूजा, बिंदु देवी, सुमन, सरिता, सीतराजी, गंगा सागर, सुरेंद्र, इंद्रजीत,अफसाना आदि ने कहा कि नियमों का पूरी तरह पालन करने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। इंडियन आयल के उप महाप्रबंधक रवि कुमार चंदेरिया ने कहा कि एजेंसी पर सिर्फ 1.69 दिन का बैकलाग है। 161 बुकिंग की डिलीवरी नहीं हुई है। यहां तीन दिन के अंतराल पर सिलिंडर दिया जाएगा।
