यूपी के इस शहर में दो बजे खत्म हो जाएगी होली, ढाई बजे पढ़ी जाएगी नमाज; पुलिस ने बनाया मास्टर प्लान
Holi 2025 गोरखपुर में होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय निर्धारित किया है। होली दोपहर 2 बजे तक खत्म होगी और उसके आधे घंटे बाद ढाई बजे जुमे की नमाज अदा की जाएगी। सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी होली जुलूस समितियों से लगातार संवाद कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण प्रशासन ने समय निर्धारित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की योजना बनाई है। तय किया गया है कि दोपहर दो बजे तक होली का पर्व पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा, ताकि इसके आधे घंटे बाद ढाई बजे जुमे की नमाज अदा की जा सके।
सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारी लगातार होली जुलूस समितियों से संवाद कर रहे हैं। पुलिस की कोशिश है कि दोपहर एक बजे तक सभी थाना प्रभारी अपने-अपने इलाके की मस्जिदों के पास पहुंच जाएं और एहतियातन फोर्स तैनात कर दी जाए। शांति समिति की बैठक में भी इस योजना पर सहमति बनी है।
प्रशासन ने सभी लोगों से होली का उत्सव दोपहर दो बजे तक खत्म करने की अपील की है, ताकि ढाई बजे होने वाली नमाज में किसी प्रकार की रुकावट न हो। शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सीओ व थानेदार लगातार धर्मगुरुओं, होली समितियों और मस्जिद प्रबंधन के साथ बैठकें कर रहा है। अधिकारियों ने सभी पक्षों से सहयोग की अपील की है ताकि पर्व उल्लास और शांति से संपन्न हो सके।
होली के बाद होगी नमाज। जागरण (सांकेतिक तस्वीर)
इसे भी पढ़ें- होली पर मौसम का बदलेगा मिजाज, पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना; पढ़िए IMD का ताजा रिपोर्ट
नरसिंह शोभायात्रा के रूट पर सख्त निगरानी, पुलिस ने कसी कमर
होली के अवसर पर निकलने वाली भगवान नरसिंह की भव्य शोभायात्रा को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस शोभायात्रा में शामिल होते हैं। पुलिस ने पूरे मार्ग पर निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की है और हर चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने शोभायात्रा के पूरे रूट का चार्ट तैयार कर लिया है। शोभायात्रा मार्ग पर स्थित हर मकान में रहने वालों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पहले से नजर रखी जा सके।ड्रोन व सीसी कैमरे से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए छतों पर भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
सोमवार को एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने सुरक्षा बल के साथ शोभायात्रा मार्ग पर गश्त की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दोपहर ढाई बजे के बाद होगी नमाज। जागरण
इसे भी पढ़ें- चित्तू पांडेय के नाम से जाना जाएगा बलिया का मेडिकल कॉलेज, होली से पहले सीएम योगी ने दिया तोहफा
होली की शोभायात्रा और जुमे की नमाज दोनों सुरक्षित और शांतिपूर्वक संपन्न हों, इसके लिए हरसंभव सुरक्षा उपाय किए गए हैं। किसी भी तरह की शरारत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।सभी से सहयोग की अपील है। - अभिनव त्यागी, एसपी सिटी
अपर जिलाधिकारी नगर अंजनी सिंह ने कहा कि होली के दिन ही जुमे की भी नमाज है। ऐसे में दोनों पक्षों से संवाद कर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। ढाई बजे से जुमे की नमाज पढ़े जाने का समय तय हुआ है। इसके पहले रंग खेलना बंद करा दिया जाएगा और साफ-सफाई करा दी जाएगी।
13 को होलिका दहन और होली वाले दिन 14 मार्च को भगवान नरसिंह की शोभा यात्रा मार्ग के साथ ही मस्जिदों पर भी निगरानी के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी और पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। सभी से अपील है कि वे शांति एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।