विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में गोड़धोइया नाला होगा 15 मीटर चौड़ा, जल निगम जल्द शुरू करेगा काम

Published: Sun, 25 Oct 2026 09:42 AM (IST)

गोरखपुर के बिछिया क्षेत्र में गोड़धोइया नाला को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिस पर जल निगम 92 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

92 करोड़ रुपये होंगे खर्च, नाले के दोनों तरफ पीडब्लूडी बनाए सड़क। जागरण

92 करोड़ रुपये होंगे खर्च, नाले के दोनों तरफ पीडब्लूडी बनाए सड़क। जागरण

HighLights

  1. बिछिया में गोड़धोइया नाला 15 मीटर चौड़ा बनेगा।

  2. जल निगम 92 करोड़ रुपये खर्च कर नाला बनाएगा।

  3. रामगढ़ताल एसटीपी में बैक्टीरिया पनप रहे, शुद्धिकरण जारी।

दुर्गेश त्रिपाठी, गोरखपुर। बिछिया क्षेत्र में गोड़धोइया नाला की चौड़ाई 15 मीटर होगी। डेढ़ किलोमीटर लंबाई में नाला रामगढ़ताल के किनारे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक जाएगा। नाला निर्माण पर जल निगम 92 करोड़ रुपये खर्च करेगा। बिछिया से पहले गोड़धोइया नाला की चौड़ाई नौ मीटर है। नाला की चौड़ाई बढ़ने से वर्षा के समय तेज गति से पानी आने पर ओवरफ्लो होने की आशंका खत्म हो जाएगी।

गोड़धोइया नाला बाबा राघवदास मेडिकल कालेज के पीछे से शुरू होकर रामगढ़ताल तक जाता है। नाला की कुल लंबाई 9.7 किलोमीटर है। जल निगम ने नाला का निर्माण कराया है। मेडिकल कालेज के पीछे से हरसेवकपुर नंबर एक, जेल बाईपास होते हुए नाला का निर्माण बलिदानी शिव सिंह छेत्री की प्रतिमा के पीछे बिछिया जाने वाले रास्ते की पुलिया तक हुआ है। इसके आगे का निर्माण द्वितीय चरण में प्रस्तावित था।

बिछिया पुलिया से रामगढ़ताल तक की लंबाई डेढ़ किलोमीटर है। अब जल निगम ने इस हिस्से में काम का शिलान्यास कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अभियंताओं का कहना है कि जिस जगह में दूसरे चरण का काम होना है वहां आबादी नहीं है। इस कारण नाला निर्माण में बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। वर्षा के पहले काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एसटीपी में तेजी से पनप रहे हैं बैक्टीरिया
रामगढ़ताल किनारे बने 38 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता (एमएलडी) के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में तेजी से बैक्टीरिया पनप रहे हैं। जल निगम ने एसटीपी में वर्षा के पहले बैक्टीरिया डाला था लेकिन पानी भर जाने के कारण बैक्टीरिया का तेजी से विकास नहीं हो सका। अब बैक्टीरिया तेजी से पनप रहे हैं। यह बैक्टीरिया पानी की गंदगी को साफ करने में मदद करते हैं। बैक्टीरिया पूरी तरह पनप जाने के बाद प्लांट को शुरू कराया जाएगा।

बचे हिस्से में सीवर लाइन बिछाने की तैयारी
मेडिकल कालेज के पीछे से बिछिया पुलिया तक ज्यादातर जगहों पर जल निगम ने सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया है। जिन स्थानों पर सीवर लाइन बिछाने का काम बाकी है, वहां इसे जल्द शुरू कराने की तैयारी है। सीवर लाइन बिछा लिए जाने के बाद घरों से निकलने वाले गंदे पानी को पाइप के जरिये पहुंचाया जाएगा। यह पानी एसटीपी में जाएगा। यहां से पानी शुद्ध कर रामगढ़ताल में डाला जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव में बढ़ा मतदान, अंतिम आंकड़ा हुआ 79.32 प्रतिशत


नाप-जोख में जुटे रहे नागरिक
गोरखपुर: गोड़धोइया नाला के दोनों तरफ 3.75-3.75 मीटर चौड़ाई में सड़क बनाए जाने की तैयारी की खबर ''''दैनिक जागरण'''' में प्रकाशित होने के बाद शनिवार को लोग नाला की दीवार से अपने घर की दीवार तक की जगह की नाप में जुटे रहे। हरसेवकपुर निवासी धीरेंद्र कुमार ने कहा कि नाला की दीवार से मेरे घर के दीवार तक की दूरी 4.25 मीटर है। यानी मेरे घर को अब कोई खतरा नहीं है। इससे पहले नाला व सड़क निर्माण में हुए अधिग्रहण के कारण घर का काफी हिस्सा तोड़ना पड़ा था।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के सुमेर सागर में उतरा निगम का बैकहो लोडर, हटाया 10 डंपर मलबा