अखाड़े से एशियन गेम्स तक, भारतीय पहलवानों के 'गुरु' बने गोरखपुर के लाल अमरनाथ
गोरखपुर के अंतरराष्ट्रीय पहलवान और कोच अमरनाथ यादव जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में सीनियर भारतीय कुश्ती ...और पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं कोच अमरनाथ यादव। जागरण
HighLights
गोरखपुर के अमरनाथ यादव एशियन गेम्स में भारतीय कुश्ती टीम के कोच।
नागोया, जापान में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगी कुश्ती स्पर्धा।
अमरनाथ की देखरेख में टीम ने पहले जीते थे सात पदक।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। खेल जगत में गोरखपुर की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। अब शहर के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। जिले के बेलीपार क्षेत्र के भौवापार निवासी अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं कोच अमरनाथ यादव जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स-2026 में सीनियर भारतीय कुश्ती टीम के कोच की भूमिका निभाएंगे।
30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होने वाली कुश्ती स्पर्धा के लिए भारतीय दल 26 सितंबर को दिल्ली एयरपोर्ट से जापान के लिए रवाना होगा। अमर नाथ के लिए यह सीनियर भारतीय टीम के साथ किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का तीसरा अवसर होगा।
इसी वर्ष उन्हें सीनियर भारतीय टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद उनकी निगरानी में भारतीय पहलवानों ने एशियन चैंपियनशिप और चौथी विश्व रैंकिंग सीरीज में प्रभावी प्रदर्शन किया। किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने सात पदक हासिल किए थे।
कोच चंद्र विजय के शिष्य, अब सीनियर टीम के गुरु
कुश्ती कोच चंद्र विजय सिंह के शिष्य अमरनाथ यादव स्वयं भी अपने दौर के बेहतरीन पहलवान रहे हैं। गोरखपुर से भारतीय कुश्ती टीम को प्रशिक्षण देने वाले कोचों की सूची में चंद्र विजय सिंह के बाद उनका नाम जुड़ना शहर के लिए खास उपलब्धि है।
इससे पहले वह अंडर-23 भारतीय टीम को भी प्रशिक्षण दे चुके हैं। अब सीनियर भारतीय पहलवान उनके मार्गदर्शन में फ्रीस्टाइल कुश्ती के दांव-पेच और रणनीति को धार दे रहे हैं। चंद्र विजय बताते हैं कि लखनऊ में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में पहलवानों की तैयारी अच्छी रही है। टीम के खिलाड़ी तकनीक और फिटनेस के साथ प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अब GDA की संपत्तियों पर 'डिजिटल' नजर, GIS से पकड़ा जाएगा अतिक्रमण
अमरनाथ वर्तमान में यांत्रिक रेल कारखाना, गोरखपुर में कार्यरत हैं। इससे पहले वह कुछ समय तक एसएसबी में भी सेवाएं दे चुके हैं। एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर भारतीय टीम के साथ उनकी मौजूदगी गोरखपुर की कुश्ती प्रतिभा और कोचिंग क्षमता को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर भी है।
