विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव का आज आएगा परिणाम, भाजपा-सपा में कड़ी टक्कर

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:37 AM (IST)

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी 466 मतों से आगे चल रहे हैं। अंतिम ...और पढ़ें

भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी दूसरे और सपा के संजयन त्रिपाठी तीसरे स्थान पर, पहली वरीयता में बहुमत की राह कठिन। जागरण

भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी दूसरे और सपा के संजयन त्रिपाठी तीसरे स्थान पर, पहली वरीयता में बहुमत की राह कठिन। जागरण

HighLights

  1. भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी 466 मतों से आगे।

  2. अंतिम राउंड में धांधली के आरोप, विपक्ष का बहिष्कार।

  3. मतगणना में देरी, सील और मतों को लेकर विवाद।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर।  गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में जारी है। प्रथम वरीयता के चौथे और अंतिम राउंड की गणना में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी 466 मतों से आगे रहे। उन्हें 11881 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को 11415 वोट मिले। सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी 8301 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कितने वोट मिले, यह आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

अंतिम राउंड में मतगणना को लेकर विवाद हो गया। करीब 42000 मतों की गणना तक सामने आए रुझान से अलग अंतिम 1612 मतों में परिणाम आने पर सपा और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने सवाल उठाए। दोनों मतगणना का बहिष्कार करने लगे। इस पर अधिकारी उन्हें समझाने पहुंचे, लेकिन बातचीत के दौरान प्रत्याशी भड़क गए और धांधली का आरोप लगाने लगे। सपा प्रत्याशी मतगणना छोड़कर बाहर चले गए। प्रशासन ने नियमानुसार मतगणना कराने की बात कही है।

इससे पहले तीसरे राउंड की गणना पूरी होने तक निर्दलीय राजीव यादव को 11287, भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी को 10911 और सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी को 8169 वोट मिले थे। द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती शुरू होते ही राजीव यादव भी बाहर चले गए। उन्होंने मतगणना पर सवाल उठाए, हालांकि कहा कि वह बहिष्कार नहीं कर रहे हैं और उनके लोग अंदर मौजूद हैं।


पहले बंडलिंग फिर चार घंटे बाद शुरू हुई मतों की गिनती

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। हालांकि, शुरुआती चार घंटे मतपत्रों को मिलाने और उनकी बंडलिंग में ही गुजर गए। शाम चार बजे के बाद मतों की वास्तविक गिनती शुरू हो सकी। पहले राउंड का परिणाम रात करीब आठ बजे सामने आया।

मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर एक हजार मतों की गिनती के हिसाब से एक राउंड में 14 हजार मतपत्रों की गणना की जा रही है। रात करीब आठ बजे मतगणना कर्मियों की शिफ्ट बदली गई। इसके बाद पहली वरीयता के दूसरे राउंड की गिनती शुरू हुई। तीसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही पहली वरीयता का समग्र रुझान स्पष्ट हो सकेगा।

कुल मिलाकर दो राउंड में निर्दल प्रत्याशी राजीव की बढ़त जरूर बनी है, लेकिन दूसरे स्थान के भाजपा प्रत्याशी से कम अंतर और तीसरे प्रत्याशी को मिले मतों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। अब सभी की निगाहें प्रथम वरीयता के तीसरे और आखिरी राउंड और दूसरी वरीयता की संभावित गिनती पर हैं। अंतिम परिणाम बुधवार सुबह तक आने की उम्मीद जताई जा रही है।

बनकटा में बिना सील की मतपेटी पर विरोध
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे देवरिया जिले के बनकटा बूथ की मतपेटी पर सील नहीं होने का मामला सामने आया। इस पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने विरोध जताया। प्रत्याशी अजय सिंह ने निर्वाचन आयोग से भी शिकायत की। हालांकि, रिटर्निंग अधिकारी और मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह से बातचीत के बाद उन्होंने इसे मानवीय भूल बताया। इसके बाद विरोध शांत हो गया और मतगणना का काम आगे बढ़ा।

मऊ में 52 मत अधिक निकलने पर हंगामा
दोपहर करीब डेढ़ बजे मऊ के बूथ संख्या 115 की मतपेटी से दर्ज संख्या से अधिक मत निकलने पर विवाद हो गया। फार्म-16 पर 623 मत दर्ज थे, जबकि गिनती के दौरान 675 मत मिले। यानी रिकार्ड से 52 मत अधिक पाए गए। इस अंतर को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने आपत्ति जताई। कुछ देर तक हंगामे की स्थिति रही, लेकिन बाद में प्रत्याशी और उनके एजेंट शांत हो गए। इससे मतगणना का काम प्रभावित नहीं हुआ। इसी तरह टेबल नंबर 14 पर एक वोट कम होने पर फिर से पूरे बंडल की गिनती की गई, जिसके बाद आंकड़ा 999 से एक हजार पहुंचा।

शिकायत के बाद अपर आयुक्त अजय सैनी हटाए गए
प्रत्याशी अजय सिंह ने अयोध्या के अपर आयुक्त अजय सैनी पर भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी का करीबी होने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की। शिकायत के बाद मंगलवार शाम अजय सैनी को मतगणना कार्य से हटा दिया गया और वे अयोध्या लौट गए। सैनी इससे पहले गोरखपुर में भी अपर आयुक्त के पद पर तैनात रह चुके हैं।

1763 अवैध मतों ने बढ़ाई चुनावी गणित की उलझन
शिक्षक एमएलसी चुनाव की पहली वरीयता के दो राउंड में कुल 1763 वोट अवैध पाए गए। पहले राउंड में ही 920 मत अवैध पाए गए थे। कुल 28001 मतों में 26238 मत वैध रहे। करीबी मुकाबले में इतने मतों का अवैध होना भी चुनावी गणित का अहम पहलू है। हालांकि, इन मतों से किसी प्रत्याशी को सीधे लाभ या नुकसान का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी आगे, मतगणना पर विवाद



...गुंडई हुई तो मतगणना छोड़ चला जाऊंगा
पहले राउंड की गिनती के दौरान एक काउंटर पर भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी और निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव के एजेंटों में धक्का-मुक्की के बीच बहस तेज हो गई। मामला गरमाता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने राजीव के एक एजेंट को मतगणना काउंटर परिसर से बाहर ले जाने लगी। इसपर राजीव ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि भाजपा के एजेंट को नहीं हटाकर उनके एजेंट का हटाना ठीक नहीं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ''भाजपा के एजेंट गुंडागर्दी कर रहे हैं...गुंडई हुई तो वह मतगणना छोड़कर चले जाएंगे।''

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: अंतिम राउंड में BJP प्रत्याशी आगे, धांधली का आरोप लगा विपक्ष ने किया मतगणना का बहिष्कार