विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर-फैजाबाद MLC चुनाव: एक सीट पर 17 दावेदार, पति-पत्नी आमने-सामने; दिलचस्प होगा मुकाबला

Published: Thu, 08 Oct 2026 02:39 PM (IST)

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मऊ के संगीता सिंह और उनके पति अजीत कुमार सिंह के पर्चे ...और पढ़ें

मऊ की संगीता सिंह और अजीत कुमार सिंह के पर्चे जांच में वैध। जागरण

मऊ की संगीता सिंह और अजीत कुमार सिंह के पर्चे जांच में वैध। जागरण

HighLights

  1. संगीता सिंह और अजीत कुमार सिंह के पर्चे जांच में वैध।

  2. दो प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में खारिज हुए।

  3. अब 17 उम्मीदवार मैदान में, 54 हजार शिक्षक मतदाता करेंगे मतदान।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एक रोचक संयोग सामने आया है। मऊ निवासी संगीता सिंह और उनके पति अजीत कुमार सिंह ने एक-दूसरे के खिलाफ नामांकन किया है। बुधवार को जांच में दोनों के पर्चे वैध पाए गए। अब नौ अक्टूबर को नाम वापसी के दिन पता चलेगा कि दोनों में से कोई अपना नाम वापस लेता है या दोनों चुनाव मैदान में बने रहते हैं। यदि दोनों में से किसी एक ने नाम वापस नहीं लिया तो शिक्षक एमएलसी का यह चुनाव पति-पत्नी के बीच मुकाबले के कारण भी खास हो जाएगा।

29 सितंबर से छह अक्टूबर तक चली नामांकन प्रक्रिया में कुल 19 प्रत्याशियों ने 38 सेट में पर्चे दाखिल किए थे। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच में दो प्रत्याशियों मनोज कुमार और चंद्रशेखर के पर्चे खारिज कर दिए गए। रिटर्निंग आफिसर एवं कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों प्रत्याशियों ने मतदाता सूची से का प्रमाणित प्रपत्र जमा नहीं किया था।

नामांकन के दिन ही उन्हें नोटिस देकर बुधवार सुबह 11 बजे पर्चों की जांच शुरू होने से पहले प्रपत्र उपलब्ध कराने का अवसर दिया गया था, लेकिन तय समय तक दोनों संबंधित प्रपत्र नहीं दे सके। इसके चलते उनके नामांकन निरस्त कर दिए गए। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रेक्षक अभय भी मौजूद रहे।

अब चुनावी मैदान में 17 प्रत्याशी रह गए हैं। इनमें भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और सपा के डा. संजयन त्रिपाठी के अलावा अजय सिंह, डा. राकेश सिंह, राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डा. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, संगीता सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और रामप्रताप राम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में कांग्रेस का 'काला दिवस' प्रदर्शन, सपा रही दूर और कांग्रेसी भी नहीं जुटे भरपूर

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले 21 दावेदारों ने 50 पर्चे खरीदे थे, लेकिन 19 ने ही नामांकन किया। अब नौ अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। निर्वाचन क्षेत्र के 17 जिलों में करीब 54 हजार शिक्षक मतदाता हैं। मतदान के लिए 200 बूथ बनाए गए हैं। गोरखपुर जिले में 18 बूथों पर 7241 शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू है।

यह भी पढ़ें- 6 दशक पुराना लीज, 17 साल का बकाया; गोरखपुर में जलभराव का कारण बना दो मंजिला मकान दीपावली के बाद होगा ध्वस्त