गोरखपुर चिड़ियाघर में जल्द दिखेंगे चिंपैंजी और जिराफ, 102 साल पुराना ऐतिहासिक रेल इंजन भी बनेगा अट्रैक्शन
गोरखपुर चिड़ियाघर में चिंपैंजी और जिराफ के लिए नए बाड़े बनाए जाएंगे, साथ ही रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों के लिए अस्पताल परिसर में चार नए सेल बनेंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
चिंपैंजी और जिराफ के लिए नए बाड़े बनेंगे।
रेस्क्यू वन्यजीवों हेतु अस्पताल में चार सेल।
102 साल पुराना रेल इंजन भी होगा प्रदर्शित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) में चिंपैंजी और जिराफ को रखने के लिए नए बाड़े बनाए जाएंगे। इसके लिए चिड़ियाघर के मास्टर ले आउट में बदलाव किया जाएगा। वहीं, रेस्क्यू कर लाए जाने वाले वन्यजीवों को रखने के लिए अस्पताल परिसर में चार नए सेल बनाए जाएंगे। इसके अलावा शेर के बाड़े में क्राल (वन्यजीवों को कुछ समय के लिए सुरक्षित रखने का स्थान) और दरियाई घोड़े के लिए नया तालाब तैयार किया जाएगा। सोमवार को प्राणि उद्यान सोसाइटी की सातवीं बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण महेंद्र प्रसाद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वन्यजीवों की सुरक्षा और बीमारियों से बचाव पर भी चर्चा हुई। बर्ड फ्लू जैसी संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए बाड़ों में जरूरी सुरक्षा इंतजाम व निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही कीपर और स्वीपर को वन्यजीवों की देखभाल, साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चिड़ियाघर में दर्शकों के आकर्षण के लिए सोहगीबरवा वन प्रभाग के लक्ष्मीपुर से 102 साल पुराना रेल इंजन लाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इसे प्राणि उद्यान में प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए 6.22 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया। इससे वन्यजीवों के भोजन, कर्मचारियों के वेतन और विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव अनुराधा बेमुरी, वन निगम के एमडी एपी सिंह, मुख्य वन संरक्षक डॉ. बीसी ब्रह्मा, निदेशक सूरज कुमार, डीएफओ शुभम सिंह और उपनिदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। ऑनलाइन माध्यम से प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के डॉ. पराग निगम और आईवीआरआई बरेली के डॉ. एम पावड़े भी जुड़े थे।
कैंटीन शुरू व नौका विहार की तरफ गेट खोलने की मांग
शासन की ओर से विशेष आमंत्रित सदस्य अरविंद विक्रम चौधरी ने दर्शकों की सुविधाएं बढ़ाने के सुझाव दिए। उन्होंने लंबे समय से बंद कैंटीन को तत्काल शुरू कराने, परिसर में गोल्फ कार्ट की व्यवस्था करने और दर्शकों को निशुल्क पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बच्चों के लिए वन्यजीवों से जुड़ी ज्ञानवर्धक जानकारी वाले साइनबोर्ड और आकर्षक गतिविधियां शुरू करने का भी सुझाव दिया। इसके साथ ही नौकायन की तरफ चिड़ियाघर का दूसरा गेट व टिकट काउंटर खोलने की मांग की।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के रामगढ़ताल में जल्द चलेगी हाईटेक 50 सीटर AC फेरी, जलमार्ग से जुड़ेंगे कई टूरिस्ट स्पॉट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।