गोरखपुर में वाराणसी हाईवे पर महिला को धक्का देकर गिराया, मौत के बाद लूट की आशंका
गोरखपुर में वाराणसी हाईवे पर एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने धक्का दे दिया, ...और पढ़ें

HighLights
गोरखपुर में वाराणसी हाईवे पर महिला को धक्का दिया।
मांगलिक कार्यक्रम से लौटते समय हुई यह वारदात।
लूट के प्रयास में हत्या की आशंका, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वाराणसी हाईवे पर शनिवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने पति के साथ घर जा रही महिला को पीछे से धक्का मार दिया। संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिरी महिला के सिर में गंभीर चोट लग गई। परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। लूट की काेशिश में वारदात होने की आशंका जताई जा रही है। पति की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर बेलीपार थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम तलाश कर रही है।
यह है पूरी घटना
बेलीपार के मलांव गांव निवासी संतोष पांडेय के रिश्तेदार शहर में रहते हैं। शनिवार को तारामंडल के होटल में रिश्तेदार के यहां मांगलिक कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए संतोष अपनी पत्नी मीरा पांडेय के साथ बाइक से आए थे। रात करीब नौ बजे घर जाने के लिए निकले। वाराणसी हाईवे पर बेलीपार टोल प्लाजा से आगे बढ़ते ही भरवल गांव के पास बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे।
आरोप है कि बाइक सवारों ने उनकी पत्नी को धक्का मार दिया। इससे मीरा सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपित कौड़ीराम की तरफ फरार हो गए। संतोष ने घटना की सूचना गांव में रहने वाले अपने चचेरे भाई को फोन करके दी। इसके बाद चचेरे भाई कार लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।
मीरा को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल गोरखपुर ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिवार का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद या रंजिश नहीं है।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लूट के प्रयास में यह घटना हुई है। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि पुलिस की तीन टीम आरोपितों की तलाश कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखा जा रहा है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
