विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बच्चे को थप्पड़ मारा फिर बाल पकड़कर घसीटा, शिक्षक और प्रधानाध्यापक पर केस दर्ज

Published: Sun, 25 Oct 2026 06:49 PM (IST)

गोरखपुर के एक प्ले-वे स्कूल में बच्चे को थप्पड़ मारने, बाल घसीटने और नोचने के मामले में शिक्षक व प्रधानाध्यापक के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बच्चे को थप्पड़ मारा, बाल पकड़कर घसीटा।

  2. शिक्षक और प्रधानाध्यापक पर मारपीट का मुकदमा।

  3. सीसीटीवी फुटेज से आरोप की हुई पुष्टि।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। प्ले-वे स्कूल में बच्चे को थप्पड़ मारने, बाल पकड़कर घसीटने और सिर पर नाखूनों से नोचने के मामले में शाहपुर थाना पुलिस ने शनिवार रात शिक्षक और प्रधानाध्यापक के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। मामले की जानकारी होने पर बच्चे के पिता ने तहरीर दी थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोप की पुष्टि होने पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

एचएन सिंह चौराहे के पास गोविंद नगरी निवासी अतुल सिंह के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शहर के एक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता है, जबकि तीन वर्षीय बेटे का घर के पास स्थित यूरो किड्स प्ले-वे स्कूल में दाखिला कराया था।

परिजनों के मुताबिक, 13 अक्टूबर को स्कूल से वीडियो काल आया। इसमें बच्चा कांपते हुए रो रहा था। टीचर ने बताया कि वह खाना नहीं खा रहा है। आरोप है कि इस दौरान बच्चे के मुंह में जबरन रोटी ठूंस दी गई। यह देखकर परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को घर ले आए।

मां सालवी सिंह के मुताबिक, घर आने के बाद बेटे ने बताया कि शिक्षक ने उसे पीटा है। उसके सिर पर नाखूनों से नोचने के निशान भी मिले। इसके बाद से बच्चा स्कूल जाने की बात सुनते ही रोने और चीखने लगता है।

परिजनों का आरोप है कि बच्चे को स्कूल में मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिससे उसकी सेहत पर भी असर पड़ा है। पिता अतुल सिंह ने अगले दिन स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखा जिसमें शिक्षक बच्चे को थप्पड़ मारती और बाल पकड़कर खींचती दिखाई दीं।

परिवार का यह भी आरोप है कि शिक्षक दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट करती थी। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि फुटेज की जांच में आरोप की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा में बाढ़ प्रभावित किसानों को मिला 4.71 करोड़ का मुआवजा, सीधे बैंक खाते में भेजी गई धनराशि