विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में कई मतदान केंद्रों पर वोटर बनने की होड़, कहीं रही खामोशी

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:18 AM (IST)

गोरखपुर में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 18,985 फॉर्म प्राप्त हुए। कुछ ...और पढ़ें

डीएम और एडीएम ने 20 से अधिक बूथों का निरीक्षण कर परखी व्यवस्था। जागरण

डीएम और एडीएम ने 20 से अधिक बूथों का निरीक्षण कर परखी व्यवस्था। जागरण

HighLights

  1. विशेष अभियान में 18,985 मतदाता फॉर्म जमा हुए।

  2. नए मतदाताओं के लिए 16,618 फॉर्म-6 प्राप्त हुए।

  3. डीएम ने बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचीं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर शनिवार को कहीं उत्साह दिखा तो कहीं बूथों पर अपेक्षाकृत खामोशी रही। अभियान के तहत जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए गए। कई मतदान केंद्रों पर नए और युवा मतदाता बनने के लिए पहुंचे, वहीं छूटे हुए नामों को सूची में शामिल कराने के लिए भी आवेदन किए गए।

अभियान में कुल 18,985 फार्म प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक 16,618 आवेदन नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 के रूप में आए। नाम हटाने के लिए 1,256 फार्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन के लिए 1,111 फार्म-8 जमा किए गए।

डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा और एडीएम वित्त एवं राजस्व व उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ने 20 से अधिक बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे लोगों और पहली बार मतदान के योग्य हो रहे युवाओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।

जिन बूथों पर बीएलओ अनुपस्थित मिले, वहां बीएलओ सुपरवाइजर की मौजूदगी सुनिश्चित कराई गई। अनुपस्थित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की 838 करोड़ की एमबीटी फोरलेन सड़क 15 दिसंबर तक होगा पूरा, तेजी से चल रहा काम


कम महिला मतदाताओं वाले बूथों पर विशेष निगरानी

मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कम लिंगानुपात वाले मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई। इसके लिए 45 जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई। इन अधिकारियों ने संबंधित बूथों का भ्रमण कर बीएलओ को महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन लोगों से भी आवेदन करने की अपील की, जो शनिवार के शिविर में नहीं पहुंच सके।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में गुरु गोरक्षनाथ घाट के मुख्य द्वार का निर्माण फिर होगा शुरू, दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य

वे किसी भी कार्यदिवस में अपने बीएलओ को फार्म दे सकते हैं या आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अगला विशेष शिविर 24 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसमें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 जमा किया जा सकेगा।