गोरखपुर ट्रांसपोर्टनगर में अब छह मंजिला होगा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, शासन से मिली अनुमति
गोरखपुर के ट्रांसपोर्टनगर में बन रहा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स अब छह मंजिला होगा, जिसके लिए शासन से अनुमति मिल गई है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
ट्रांसपोर्टनगर कामर्शियल कॉम्प्लेक्स अब चार की जगह छह मंजिला होगा।
परियोजना की लागत में तीन करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
27.42 करोड़ के पुनरीक्षित प्रस्ताव को समिति ने मंजूरी दी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। ट्रांसपोर्टनगर में निर्माणाधीन कामर्शियल काम्प्लेक्स और को-वर्किंग स्पेस का भवन अब चार की जगह छह मंजिला बनाया जाएगा। भवन की दो मंजिल बढ़ाने के प्रस्ताव को शासन से अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही परियोजना की लागत में करीब तीन करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। अब 27.42 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित आगणन पर व्यय वित्त समिति की मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। बुधवार, 14 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाली समिति की बैठक में इसको मंजूरी मिल गई है।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम-वीएनवाई) के तहत नगर निगम की ओर से ट्रांसपोर्टनगर में इस परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है। भवन में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध कराने के साथ को-वर्किंग स्पेस भी विकसित किया जाना है। परियोजना का करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। अब भवन की क्षमता बढ़ाने के लिए दो अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण कराया जाएगा।
नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर परियोजना का पुनरीक्षित आगणन तैयार किया गया है। मंजिलों की संख्या बढ़ने से निर्माण लागत में करीब तीन करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। इसके बाद परियोजना की संशोधित लागत 27.42 करोड़ रुपये प्रस्तावित की गई है। शासन ने नगर आयुक्त अजय जैन और नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा को परियोजना का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन तैयार करने और संबंधित अभिलेखों के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पालतू कुत्ते की तेरहवीं, दुखी मालिक ने शोक संदेश छपवाया, लोगों को भेजा ब्रह्मभोज का न्योता
जिसके बाद बुधवार को अपर मुख्य सचिव, वित्त एवं वित्त आयुक्त की अध्यक्षता में लखनऊ में बैठक हुई। इसमें गोरखपुर की परियोजना के पुनरीक्षित प्रस्ताव और आगणन पर विचार-विमर्श के बाद अनुमति दे दी गई।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि भवन को छह मंजिला बनाने के लिए शासन से अनुमति मिल गई है। अब पुनरीक्षित परियोजना के प्रस्ताव पर व्यय वित्त समिति की बैठक में विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'बेटियों की शिक्षा पर निवेश ही प्रदेश का भविष्य', CM योगी बोले- 2017 के बाद बदला UP का परिदृश्य
