गोरखपुर में तेज रफ्तार पर लगेगी लगाम, 50 से अधिक स्पीड तो भरना पड़ेगा 2000 जुर्माना
गोरखपुर में पैडलेगंज से नौकायन रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
नौकायन रोड पर दुर्घटनाएं रोकने को अभियान।
50 किमी/घंटा से अधिक गति पर 2000 जुर्माना।
स्पीड रडार कैमरे, इंटरसेप्टर बाइक से जांच।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पैडलेगंज से नौकायन रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान प्रारंभ किया है। एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर प्रतिदिन जांच की जाएगी। स्पीड रडार कैमरों के साथ इंटरसेप्टर बाइक लेकर यातायात पुलिस सड़क पर उतर गई है। नौकायन रोड पर निर्धारित 50 किमी प्रति घंटा से अधिक गति होने पर दो हजार का चालान काटकर पुलिस जुर्माना वसूल करेगी।
नौकायन रोड पर वाहनों की रफ्तार अधिक होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इनकी रोकथाम के लिए यातायात पुलिस सक्रियता बरत रही है। इसलिए इंटरसेप्टर बाइक के साथ यातायात पुलिस टीम को जांच करने का निर्देश दिया गया है। गुरुवार शाम लगभग चार बजे यातायात उपनिरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला एवं ओम प्रकाश सिंह टीम जांच शुरू की।
बाइक पर लगे स्पीड रडार कैमरों से वाहनों की रफ्तार मापा। अभियान के दौरान 10 मिनट के भीतर निर्धारित गति सीमा से अधिक स्पीड वाले तीन वाहनों का चालान कटा।
यह भी पढ़ें- रामगढ़ताल में फिर दौड़ेगी स्पीड बोट, प्राधिकरण ने जारी किया ई-नीलामी टेंडर
दारोगा ने बताया कि अधिक गति पाए जाने पर दो हजार रुपये जुर्माने का प्राविधान है। स्पीड रडार कैमरे से जुड़े मोबाइल फोन के माध्यम से चालान की प्रक्रिया पूरी की जाती है। वाहन पंजीकरण संख्या के आधार पर चालान की कार्रवाई पूरी की जाती है।
यातायात पुलिस का कहना है कि कैंट थाना में चार इंटरसेप्टर बाइक चलेगी। इनकी सहायता से प्रतिदिन विभिन्न मार्गों पर जांच अभियान चलाया जाएगा। नौकायन रोड पर विशेष रूप से निगरानी रखी जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
