रामगढ़ताल में फिर दौड़ेगी स्पीड बोट, प्राधिकरण ने जारी किया ई-नीलामी टेंडर
गोरखपुर के रामगढ़ताल में मोटर और स्पीड बोटिंग का रोमांच फिर से शुरू होने जा रहा है। प्राधिकरण ने इसके ...और पढ़ें

-पांच साल के लिए प्लेटफार्म आवंटन, 30 अप्रैल से 15 मई तक आनलाइन आवेदन
HighLights
रामगढ़ताल में मोटर और स्पीड बोटिंग फिर शुरू होगी।
प्राधिकरण ने ई-नीलामी के माध्यम से टेंडर जारी किए।
सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर की पहचान बन चुके रामगढ़ताल में एक बार फिर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मोटर बोट और स्पीड बोटिंग का रोमांच देखने को मिलेगा। लंबे समय से ठप पड़े बोटिंग संचालन को पुनर्जीवित करने के लिए प्राधिकरण ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत ताल के चार प्लेटफार्म सात, आठ, नौ और दस को दोबारा आवंटित किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 30 अप्रैल से 15 मई तक आनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
प्राधिकरण ने इस बार पूरी प्रक्रिया को ई-नीलामी के माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत चयनित फर्मों को पांच वर्षों के लिए मासिक किराये पर संचालन का अधिकार दिया जाएगा। इससे न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, बल्कि प्रतिस्पर्धा के जरिए बेहतर सेवाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी।
प्राधिकरण ने साफ किया है कि बोटिंग संचालन के लिए निर्धारित सभी सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन अनिवार्य होगा। पूर्व में भी टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी थी। इस बार नई रणनीति के तहत प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर गीडा में बिजली संकट पर कमिश्नर का कड़ा फैसला, एक्सईएन की नोडल जिम्मेदारी हटी
ई-नीलामी से जुड़ी सभी शर्तें, नियम और विस्तृत दिशा-निर्देश प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक आवेदकों को समय-समय पर वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि किसी भी बदलाव की अलग से सूचना नहीं दी जाएगी।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के अनुसार, चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य रामगढ़ताल को फिर से आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना और आगंतुकों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण बोटिंग अनुभव प्रदान करना है।
