यूपी में मछली पालकों की बदलेगी तकदीर, गोरखपुर में मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर खोलेगा फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस
मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा, जिसके लिए यूपी मत्स्य विभाग के साथ एमओयू हुआ है।

मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में खोलेगा फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस।
HighLights
वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में खोलेगा उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट।
मत्स्य उत्पादन, रोजगार और खाद्य सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा।
मत्स्य पालकों और हैचरी संचालकों को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट आफिस खोलेगा। इसके लिए शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश, मत्स्य विभाग तथा वर्ल्ड फिश सेंटर, मलेशिया के बीच एमओयू हुआ। समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान उत्तर प्रदेश सरकार की महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. व वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद ने किया।
योजना के माध्यम से पूर्वांचल के मत्स्य पालकों, हैचरी संचालकों, युवाओं, शोधकर्ताओं एवं विभागीय कार्मिकों को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि एमओयू का उद्देश्य प्रदेश में मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज की उपलब्धता, आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों के प्रसार तथा मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि करना है।
मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र/हैचरी विकसित कर उन्नत मत्स्य बीज उत्पादन, मत्स्य उत्पादन व उत्पादकता एवं खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही उन्नत प्रजातियों के गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उत्पादन तकनीक का विकास एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों एवं मत्स्य पालकों का तकनीकी प्रशिक्षण व एक्सपोजर विजिट के माध्यम से क्षमता विकास करना है।
डीजी मत्स्य ने बताया कि वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट द्वारा पेंगेसियस एवं जीआइएफटी तिलापिया जैसी उन्नत मत्स्य प्रजातियों के हैचरी बीज उत्पादन के लिए तकनीकी सहयोग एवं हैंडहोल्डिंग प्रदान की जाएगी।
इसके अंतर्गत ब्रूड स्टाक प्रबंधन, प्रजनन, स्पान, फ्राई एवं फिंगरलिंग उत्पादन की समस्त प्रक्रियाओं में तकनीकी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज योजना शत-प्रतिशत राज्य पोषित है। यह प्रदेश में उच्च उत्पादकता वाली आनुवंशिक रूप से उन्नत मत्स्य प्रजातियों के बीज उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के हस्तांतरण, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इन विशिष्ट प्रजातियों के मत्स्य बीज उत्पादन में प्रदेश आत्मनिर्भर बन सकेगा, साथ ही इससे प्रदेश की मत्स्य उत्पादकता एवं आय में वृद्धि के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव (मत्स्य) मुकेश कुमार मेश्राम, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Magh Mela 2027 : 21 करोड़ 19 लाख से जगमगाएगा मेला क्षेत्र, 990 हेक्टेयर में बिजली विभाग करेगा काम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।