गोरखपुर में 10 एकड़ में बनेगा गो रक्षक कीर्ति कमल परिसर, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने की घोषणा
गोरखपुर में 10 एकड़ भूमि पर 'गो रक्षक कीर्ति कमल परिसर' बनेगा, जिसकी घोषणा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने की है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का स्वागत करते श्रद्धालु। फोटो जागरण
HighLights
गोरखपुर में 10 एकड़ में बनेगा गो रक्षक कीर्ति कमल परिसर।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने 151 करोड़ की परियोजना की घोषणा की।
परिसर में गो-रक्षा संग्रहालय, शोध केंद्र और आधुनिक गोशाला होगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गो-रक्षा के इतिहास और सनातन संस्कृति को समर्पित ‘गो रक्षक कीर्ति कमल परिसर’ रामजानकी नगर में मधुबन लान के पास बनेगा। रविवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने परियोजना की घोषणा की।
करीब 10 एकड़ भूमि पर बनने वाले परिसर पर 151 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। इसे गो-रक्षा के लिए बलिदान देने वाले 10 हजार गो-रक्षकों की स्मृति को समर्पित किया जाएगा। स्वामी सोमवार को ज्योर्तिमठ कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
परिसर में विशाल कमलाकार स्मारक होगा। इसके केंद्र में गोमाता, नंदी, बछड़ा और बछिया की प्रतिमाएं स्थापित होंगी। 10 हजार गो-रक्षकों की स्मृति में सर्पिलाकार बलिदानी स्मृति-श्रृंखला, अखंड बलिदानी ज्योति और परिक्रमा मार्ग भी बनाया जाएगा।
55 नस्लों का विकसित होगा उद्यान
परियोजना में गो-रक्षा इतिहास संग्रहालय, सांस्कृतिक सभागार, शोध एवं प्रशिक्षण केंद्र, गो-चिकित्सा केंद्र और आधुनिक गोशाला प्रस्तावित हैं। देशी गोवंश के संरक्षण के लिए 55 नस्लों का विशेष उद्यान विकसित करने की योजना है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गोरखपुर की पहचान गुरु गोरक्षनाथ से जुड़ी है। इस पहचान और सम्मान को बनाए रखने के लिए गो-सेवा एवं गो-रक्षा से जुड़े प्रयास जरूरी हैं। परिसर को राष्ट्रीय स्तर पर गो-रक्षा, शोध, प्रशिक्षण और जनजागरण का केंद्र बनाने की योजना है।
इन लोगों को सौंपी गई जिम्मेदारी
अभियान की जिम्मेदारी अधिवक्ता मनीष कुमार पांडेय, राजकुमार मिश्रा, कृष्ण कुमार भार्गव, मुकेश पांडेय, अभय शाही, संतोष यादव, ज्ञान पांडेय, ओपी पांडेय और शिवानंद पांडेय को सौंपी गई है। इससे पहले श्रद्धालुओं ने स्वामी का पूजन और स्वागत किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।