गोरखपुर में किशोरी से मिलने बस्ती से आया इंस्टाग्राम दोस्त, ले गया साथ
गोरखपुर की एक किशोरी इंस्टाग्राम पर बने दोस्त से मिलने बस्ती चली गई, अपने छोटे भाई को भी साथ ले गई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की। देर शाम पुलिस ने किशोरी और उसके भाई को बस्ती में आरोपी दोस्त के घर से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। किशोरी आठ महीने से सिलाई सीखने के बहाने उससे मिलती थी।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
किशोरी इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने बस्ती पहुंची।
पुलिस ने भाई सहित किशोरी को सकुशल बरामद किया।
आरोपी दोस्त हिरासत में, अपहरण का मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के जाल में फंसी किशोरी मंगलवार सुबह घर से दर्जी के घर जाने की बात कहकर निकली और दोस्त के साथ उसके घर (बस्ती) पहुंच गई। अपने 10 वर्षीय भाई काे भी वह साथ ले गई थी। देर शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने पुलिस को बताया तो हड़कंप मच गया।
शाम चार बजे किशोरी की मां के पास दोस्त ने फोन कर किशोरी के अपने पास होने की जानकारी दी। मां की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर गोरखनाथ थाना पुलिस ने देर शाम किशोरी व उसके भाई को बस्ती स्थित आरोपित के घर से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपित दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिवार के अनुसार किशोरी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। दोपहर बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां फोन कर जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शाम चार बजे तक स्थिति स्पष्ट न होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने सबसे पहले किशोरी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। काल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पता चला कि उसका संपर्क बस्ती जिले के एक किशोर से है, जिससे उसकी इंस्टाग्राम पर दोस्ती है। शाम चार बजे किशोरी की मां के मोबाइल पर एक काल आया, जिसमें बताया गया कि बेटी बस्ती में सुरक्षित है। लोकेशन मिलते ही पुलिस की टीम बस्ती पहुंच गई। जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर चैटिंग के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती गई।
मंगलवार की सुबह बस्ती से गोरखपुर पहुंचे दोस्त ने फोन करके किशोरी को बस अड्डे पर बुलाया। घरवालों के विरोध के डर से अपने छोटे भाई को भी साथ ले गई, ताकि संदेह कम हो। आरोपित किशोर टाइल्स लगाता है। उसके पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं और मां की मौत हो चुकी है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज कर आरोपित किशोर को हिरासत में लिया गया है। बुधवार काे उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में DJ पर नाचने को लेकर विवाद, लाठी से युवक की पीटकर हत्या
आठ माह से सिलाई सीखने के बहाने मिलने जाती थी
किशोरी व उसके भाई के बस्ती से बरामद होने के बाद जांच में पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। पूछताछ में पता चला है कि किशोरी पिछले आठ माह से बस्ती निवासी किशोर के संपर्क में थी। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी, जो धीरे-धीरे गहरी होती गई।
किशोरी घरवालों को यह बताकर निकलती थी कि वह सिलाई सीखने जा रही है, जबकि जिस सिलाई केंद्र का नाम वह लेती थी, वह करीब डेढ़ वर्ष से बंद पड़ा है। घर से निकलकर वह युवक से मिलने जाती थी।
मंगलवार सुबह जब निकली तो मां ने भाई को भी साथ भेज दिया। पुलिस के मुताबिक किशोरी बस अड्डे तक खुद पहुंची थी, जहां से आरोपित उसे अपने साथ ले गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो किशोरी घर में सो रही थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।