विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में DJ पर नाचने को लेकर विवाद, लाठी से युवक की पीटकर हत्या

Published: Thu, 12 Feb 2026 07:31 AM (GMT+05:30)

गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय मुनीब चौहान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। वह बीच-बचाव करने गया था। गंभीर रूप से घायल मुनीब ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है।

डीजे बजाने के विवाद में युवक को लाठी से पीटते आरोपितों का वीडियो। सौ. इंटरनेट मीडिया

डीजे बजाने के विवाद में युवक को लाठी से पीटते आरोपितों का वीडियो। सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. डीजे पर नाचने को लेकर विवाद में हत्या।

  2. युवक को लाठी-डंडों से पीटकर अचेत किया।

  3. पुलिस ने पांच पर दर्ज किया मुकदमा, दो गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शादी समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या हो गई। मनबढ़ों ने लाठी से तब तक उसे पीटा, जब तक वह अचेत नहीं हो गया। बीआरडी मेडिकल कालेज में बुधवार की सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। यह घटना मंगलवार की रात सिकरीगंज थाना के हरिजनपुर गांव की है।

घटना के बाद आक्रोशित स्वजन और रिश्तेदारों ने थाने का घेराव किया। युवक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसमें दो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

सहजनवां थाना के चिरईयाढाड़ गांव निवासी अतुल उर्फ मुनीब चौहान के भाई अनिल की ससुराल सिकरीगंज के हरिजनपुर गांव में है। मंगलवार को अनिल के शाली की शादी थी। दुबई में होने के वजह से वह अपने भाई के ससुराल गया था। रात 10 बजे डीजे पर गाना बज रहा था, जिसे लेकर विवाद हो गया और मारपीट में बदल गया।

हरिजनपुर के कुछ मनबढ़ युवक बरात आए संतकबीरनगर के धनघटा थाना के कन्हैला निवासी आकाश और चोरमरा निवासी सन्नी को मारने-पीटने लगे। यह देख मुनीब चौहान वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इससे नाराज होकर मनबढ़ों ने मुनीब को ही पीटना शुरू कर दिया। नीचे गिरने पर उसे लाठी से पीट-पीटकर अचेत कर दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए।

आनन-फानन में रिश्तेदार व अन्य मुनीब को लेकर सिकरीगंज स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और यहां से बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद सभी शव लेकर थाने पहुंचे और घेराव करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में टोल प्लाजा के पास पलटी बोलेरो, दो की मौत और चार की हालत गंभीर

पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। मुनीब की बहन सरोजा देवी की तहरीर पर पुलिस ने हरिजनपुर निवासी सतेन्द्र, निक्कू, पाविद और दो अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो को हिरासत में ले लिया है। घटना के संबंध में एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था मुनीब
सरोजा देवी ने बताया कि मुनीब चौहान चार भाईयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई राजेश चौहान और सुनील जम्मू में रहते हैं। वहीं एक भाई अनिल चौहान दुबई रहते हैं। घर पर पिता रामभवन चौहान और मां के साथ रहते हुए मुनीब पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। अनिल के बाहर होने से वह उनके ससुराल शादी में गया था। मुनीब के मौत की सूचना पर जम्मू से दोनों भाई घर आ रहे है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।