विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में टोल प्लाजा के पास पलटी बोलेरो, दो की मौत और चार की हालत गंभीर

Published: Thu, 12 Feb 2026 07:26 AM (IST)

गोरखपुर के बेलीपार में भिटहा टोल प्लाजा के पास बरात से लौट रही बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण हादसे में दो युवकों, आशुतोष पांडेय और आलोक शर्मा, की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

बेलीपार थानाक्षेत्र के भिटहा टोल प्लाजा के पास दुर्घटना ग्रस्त गाड़ी। जागरण

बेलीपार थानाक्षेत्र के भिटहा टोल प्लाजा के पास दुर्घटना ग्रस्त गाड़ी। जागरण

HighLights

  1. बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलटी, दो युवकों की मौत।

  2. भिटहा टोल प्लाजा के पास हुआ भीषण सड़क हादसा।

  3. तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण।

संवाद सूत्र, बेलीपार, (गोरखपुर)। बरात से लौट रही बोलेरो मंगलवार की रात भिटहा टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टोल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया।

चारपान खुर्द निवासी सुभाष मौर्य के पुत्र की शादी में शामिल होने चारपान सुअड्डा व नगवां टोला के आशुतोष पांडेय, सूरज पांडेय, सरवन चौहान, आलोक शर्मा, दीपक निषाद, शिवम गुप्ता और सूरज शर्मा बोलेरो (यूपी 53 सीजेड 5497) से गोला बाजार गए थे।

रात करीब 11 बजे जब सभी गांव लौट रहे थे, तभी गांव से लगभग दो किलोमीटर पहले भिटहा टोल प्लाजा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद टोल प्लाजाकर्मी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया जहां चालक आशुतोष पांडेय की बुधवार सुबह मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल आलोक शर्मा को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं सूरज शर्मा की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। मृतक आशुतोष पांडेय की पत्नी पूजा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है।

उनके दो वर्षीय पुत्र राघवेंद्र और पांच वर्षीय पुत्री तनिष्क अभी घटना से अनजान हैं। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पार्टी के बहाने साथ ले गए दोस्त ने दाे युवकों संग मिलकर की अभिषेक की हत्या, CCTV फुटेज से सुलझाई गुत्थी


क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे थे युवक, तोड़कर निकाले गए दरवाजे

टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद का दृश्य दिल दहला देने वाला था। डिवाइडर से टकराकर पलटी बोलेरो सड़क के बीचोंबीच उलटी पड़ी थी। आसपास कांच के टुकड़े, टूटे बंपर और वाहन के पार्ट्स बिखरे पड़े थे। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए दौड़े।

वाहन के पलटने से अंदर बैठे युवक फंस गए। कुछ युवक गंभीर रूप से घायल हालत में कराह रहे थे। टोल प्लाजा कर्मियों ने तत्काल बैरिकेड हटाकर ट्रैफिक रोका और ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया। बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। दरवाजे जाम हो गए थे।

स्थानीय लोगों ने दरवाजा ताेड़कर किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। मौके पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। हाईवे पर गुजर रहे भारी वाहनों को रोका गया। सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया। घटनास्थल पर खून के धब्बे और बिखरे सामान हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।