विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, नौ दिनों में 2567 लोगों को काटा

Published: Thu, 22 Jan 2026 01:56 PM (IST)

मुरादाबाद और संभल की घटनाओं के बाद गोरखपुर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। पिछले नौ दिनों में ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. पिछले 9 दिनों में 2567 लोगों को कुत्तों ने काटा।

  2. शहर में अनुमानित 60,000 से अधिक आवारा कुत्ते मौजूद।

  3. बधियाकरण और शेल्टर निर्माण की गति बहुत धीमी।

राजीव रंजन, गोरखपुर। मुरादाबाद और संभल में हाल ही में आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा मासूम बच्चियों को नोच-नोच कर मार डालने की हृदयविदारक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं ने गोरखपुर के नागरिकों के मन में भी गहरा डर पैदा कर दिया है।

गोरखपुर की स्थिति भी कम खतरनाक नहीं है। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। ये लोगों को न सिर्फ दौड़ा रहे हैं बल्कि काट भी रहे हैं। पिछले नौ दिनों में 2567 लोगों को कुत्ते ने काटा।

शहर एवं आसपास के इलाकों में कुत्तों के द्वारा काटे जाने की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। शहर के कई इलाकों में स्थिति इतनी भयावह है कि रात के समय काम से घर लौटने वाले लोग अपनी जेब में बिस्कुट के पैकेट या अन्य खाद्य सामग्री रखने को मजबूर हैं। यह कोई शौक नहीं, बल्कि कुत्तों के हमले से बचने की एक विवशता है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जैसे ही कोई व्यक्ति अकेला दिखाई देता है, कुत्तों का झुंड उसे घेर लेता है। सुरक्षा के लिहाज से लोग अब पैदल जाने के बजाय आटो या टेंपो का सहारा ले रहे हैं, भले ही उनका घर कुछ ही दूरी पर क्यों न हो। नगर निगम के द्वारा समुचित उपाय करने की रफ्तार अभी बहुत ही धीमी है। जहां एक और कुत्तों का बधियाकरण रफ्तार बहुत कम है वही शेल्टर बनाने आदि का काम भी फाइलों में दौड़ रही है।

करीब 8 महीना पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम प्रशासन के द्वारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। जिसमें कुत्तों का बधियाकरण और वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इसके अलावा कुत्तों को पकड़ कर रखने के लिए शेल्टर का भी निर्माण किया जा रहा है।

नगर निगम के द्वारा अनुमानित कुत्तों की संख्या 60,000 से भी ज्यादा है। इतने बड़े पैमाने पर कुत्तों के आतंक को कम करने के लिए जिस युद्धस्तर पर काम होना चाहिए था, वह फिलहाल सरकारी फाइलों और कागजी योजनाओं तक ही सीमित है। वहीं प्राथमिक चरण में निगम के द्वारा 7000 क्षमता का कुत्तों का शेल्टर भी बनाने की योजना तैयार की गई है। लेकिन अभी तक योजना फाइलों में ही सीमित है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अब शहर के बंदरों को नहीं पकड़ेगा नगर निगम, शासन के निर्देश पर एजेंसी ने काम रोका

शेल्टर होम बना न कुत्तों की गुणना हुई शुरू
नगर निगम की ओर से जिस एजेंसी को एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर संचालित करने के लिए है, शासनादेश के अनुसार उसे ही शहर और शहर के चारों ओर करीब 10 किलोमीटर की परिधि में कुत्तों की गणना करनी है। इसके अलावा कुत्तों को पकड़ कर रखने के लिए अब तक शेल्टर होम का निर्माण नहीं किया गया है। शेल्टर होम के लिए अभी सिर्फ स्थान का ही चयन हो सका है।

इसके अलावा एबीसी सेंटर में कुत्तों के बधियाकरण की रफ्तार भी काफी धीमी है। अभी इस सेंटर में अधिकतम 25 कुत्तों का बधियाकरण और वैक्सीनेशन हो पा रहा है। ऐसे में शहर में कुत्तों की संख्या अनुमानित 60 हजार की गई है, उनका बधियाकरण में 2400 दिन यानी साढ़े-छह से सात साल लग जाएंगे।

जिला अस्पताल में इस तरह आए कुत्तों के काटने के मामले

तारीख संख्या
20 जनवरी 304
19 जनवरी 428
17 जनवरी 267
16 जनवरी 369
15 जनवरी 182
14 जनवरी  121
13 जनवरी  228
12 जनवरी  416
10 जनवरी  252

गोरखपुर में कुत्तों के हमले

अक्टूबर 2025 में सहजनवा के दुमरी चौराहा इलाके में एक 2 साल के बच्चे, सुंदरम, पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसका चेहरा और हाथ बुरी तरह जख्मी कर दिया था, जिसके लिए उसे कई सर्जरी करानी पड़ीं।

नवंबर 2024 में रामगढ़ताल क्षेत्र में एक पालतू लेब्राडोर कुत्ते ने 10 साल के बच्चे पर हमला किया था, जिसके बाद कुत्ते के मालिक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी।

एबीसी सेंटर में कुत्तों की बधियाकरण और वैक्सीनेशन का काम हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रम में डाग शेल्टर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शेल्टर के लिए कुछ स्थान चिह्नित हो चुके हैं। जल्द ही इनके निर्माण शुरू होने की संभावना है।

-

-प्रमोद कुमार, अपर नगर आयुक्त व प्रभारी एबीसी सेंटर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।