गोरखपुर में अब शहर के बंदरों को नहीं पकड़ेगा नगर निगम, शासन के निर्देश पर एजेंसी ने काम रोका
गोरखपुर में नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने का काम बंद कर दिया है। शासन के आदेश के बाद यह ...और पढ़ें

बंदरों को पकड़ने पर नगर निगम को खर्च करने पड़ते थे लाखों। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नगर निगम ने बंदर पकड़ने का काम बंद किया।
शासन के निर्देश पर वन विभाग को जिम्मेदारी।
शहर में बंदरों का उत्पात बढ़ने की आशंका।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर में बंदरों का उत्पात फिर से बढ़ने की आशंका बन गई है। इसके लिए अगर आप फोन करते हैं तो नगर निगम के द्वारा मना कर दिया जाएगा। क्योंकि जहां एक ओर शासन के आदेश के बाद नगर निगम ने शहर के बंदरों को पकड़ने का काम बंद कर दिया है। साथ ही इस काम में लगी एजेंसी को भी हटा दिया है। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई पत्र नहीं मिला है।
दरअसल विशेष सचिव कल्याण बनर्जी की ओर से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख सचिव को निर्देशित किया गया है कि बंदरों के प्रबंधन की जिम्मेदारी पूर्ववत पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा व्यवहृत की जाएगी, जिसके लिए एक महीने के अंदर कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करना है। शासन के निर्देश के बाद नगर निगम ने एजेंसी को बंदरों को पकड़ने के काम से रोक दिया है।
पिछले वर्ष नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर नगर निगम ने शहर में बंदरों को पकड़ने का कार्य शुरू कराया था। इसका मुख्य कारण यह था कि वन विभाग के जिम्मे होने के बावजूद लंबे समय तक यह कार्य प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा था। बंदरों की बढ़ती संख्या से शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कई इलाकों में बंदरों के हमले, घरों में घुसकर सामान नुकसान पहुंचाने और बच्चों व बुजुर्गों को चोटिल करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। नगर आयुक्त के पास इस संबंध में शिकायत आ रही थी और बंदरों की समस्या से निजात की मांग की जा रही थी।
एक बंदर को पकड़ने पर खर्च होते थे 825 रुपये
नगर आयुक्त के निर्देश के बाद नगर निगम द्वारा जब यह जिम्मेदारी संभाली गई, तब कुछ हद तक राहत जरूर मिली। चुनिंदा क्षेत्रों में बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा गया, जिससे नागरिकों को अस्थायी तौर पर समस्या से निजात मिली। एजेंसी की ओर किए गए दावों के अनुसार नगर निगम द्वारा मार्च 2025 में टेंडर जारी करने के बाद से अब तक 5000 से ज्यादा बंदरों को पकड़ा गया। ऐसे में नगर निगम को बंदरों को पकड़ने में साल भर के दौरान लाखों रुपये खर्च करने पड़े हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर एम्स में मायस्थेनिया ग्रेविस का सफल इलाज, प्लाज्मा थेरेपी से मिली नई जिंदगी
पहले वन विभाग और नगर निगम में चलती रहती थी खींचतान
इसके पहले वन विभाग और नगर निगम के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर खींचतान भी देखने को मिलती रहती थी। पहले भी कई बार यह विवाद सामने आ चुका है कि बंदर पकड़ने की जिम्मेदारी किस विभाग की है। इसी असमंजस के चलते लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती थी और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब शासन के ताजा आदेश के बाद स्थिति फिर से पुराने ढर्रे पर लौटने की आशंका नजर आ रही है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि वह अब बंदर पकड़ने का कार्य नहीं करेगा। जिम्मेदारी पूरी तरह से वन विभाग की होगी।
शासन के निर्देश के बाद अब नगर निगम बंदरों को नहीं पकड़ेगा। एजेंसी को बंदरों को पकड़ने से रोक दिया गया है। शासन स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि वन्यजीवों से जुड़े मामलों को विशेषज्ञता के साथ वन विभाग ही बेहतर ढंग से संभाल सकता है।
-प्रमोद कुमार, अपर नगर आयुक्त
शासन की तरफ से अभी कोई आदेश नहीं आया है। कोर्ट के आदेश पर शासन में बैठक हुई थी, जिसमें यह तय हुआ है कि वन विभाग कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करेगा। इसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
-विकास यादव, डीएफओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।