विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में आज मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, हर बूथ पर BLO रहेंगे मौजूद

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:23 AM (IST)

गोरखपुर में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए ...और पढ़ें

प्रत्येक मतदान स्थल पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक मिलेंगे बीएलओ, 24 को भी विशेष कैंप। जागरण

प्रत्येक मतदान स्थल पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक मिलेंगे बीएलओ, 24 को भी विशेष कैंप। जागरण

HighLights

  1. आज गोरखपुर के हर बूथ पर विशेष मतदाता शिविर।

  2. बीएलओ सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे मौजूद।

  3. पात्र नागरिक फॉर्म-छह भरकर नाम जुड़वा सकेंगे।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शनिवार को विशेष शिविर लगेगा। जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान स्थल पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक फार्म-छह भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 24 अक्टूबर को भी विशेष शिविर लगाया जाएगा।

डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इन विशेष शिविरों का उद्देश्य विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र लोगों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण करना है।

शिविरों में बीएलओ के पास फार्म-छह के साथ 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली और उसके बाद की सभी पूरक सूचियां उपलब्ध रहेंगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां लोगों को आवेदन भरने में सहायता मिलेगी।

फार्म-छह के साथ ले जाएं जरूरी दस्तावेज
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक लोगों को अपनी नवीनतम तस्वीर और जन्मतिथि व निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति लेकर संबंधित मतदान स्थल पर पहुंचना होगा। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र संख्या उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जाना उपयोगी होगा। आवेदन भरने के बाद फार्म संबंधित बीएलओ को जमा करना होगा।

चार जनवरी को आएगी अंतिम मतदाता सूची
उधर, डीएम ने शुक्रवार को पर्यटन भवन स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया दो नवंबर तक पूरी की जाएगी।

एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित होगी। इस पर दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दाखिल की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

मतदान स्थलों के भौतिक सत्यापन और नए मतदान केंद्रों के लिए भवन चिह्नित करने का कार्य 16 से 18 अक्टूबर तक होगा। मतदान स्थलों की प्रारूप सूची 19 अक्टूबर को जारी की जाएगी और अंतिम सूची 26 अक्टूबर तक तैयार की जाएगी।

डीएम ने राजनीतिक दलों से समय पर सुझाव और आपत्तियां देने तथा पात्र युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़ी अपुष्ट सूचनाएं या अफवाहें नहीं फैलाने और केवल आधिकारिक जानकारी साझा करने पर भी बल दिया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 838 करोड़ की फोरलेन सड़क पर पिचिंग का काम शुरू, डेडलाइन से पहले पूरा करना होगा कार्य

एसडीएम ने बैठक कर जांची तैयारी
सदर तहसील के एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह ने भी शुक्रवार को गोरखपुर शहर, ग्रामीण और पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ और सुपरवाइजर के साथ बैठक कर विशेष शिविर और पुनरीक्षण अभियान की तैयारी जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित हो जाएं और यह सुनिश्चित करें कि मतदाता बनने के लिए आने वाले सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 400 करोड़ की लागत से बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, जलभराव से बचने के लिए बढ़ेगी ऊंचाई