गोरखपुर में 838 करोड़ की फोरलेन सड़क पर पिचिंग का काम शुरू, डेडलाइन से पहले पूरा करना होगा कार्य
गोरखपुर में 838 करोड़ पांच लाख रुपये की लागत से बन रही मानीराम-बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन सड़क पर पिचिंग का काम शुरू हो गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मानीराम-बालापार फोरलेन सड़क पर पिचिंग कार्य शुरू।
838 करोड़ की लागत से बन रही 16.15 किमी सड़क।
अतिक्रमण बाधाओं के बावजूद 15 दिसंबर तक लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 838 करोड़ पांच लाख रुपये की लागत वाली मानीराम-बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन सड़क की पिचिंग का काम शुरू हो गया है। 16.15 किलोमीटर लंबी सड़क को 15 दिसंबर तक बना लेने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि अब भी कई जगह पर अतिक्रमण नहीं हटाए जा सके हैं। इस कारण सड़क और नाला निर्माण कई जगहों पर नहीं हो सका है।
मानीराम-बालापार होते हुए टिकरिया से गांगी बाजार इलाका कुछ वर्ष पहले तक विकास से बहुत दूर था। पतली सड़कों में गड्ढों के बीच लोग गुजरते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क को फोरलेन करने के साथ ही दोनों तरफ नाला निर्माण कराने के निर्देश दिए।
11 फरवरी 2025 को काम शुरू किया गया। काम 10 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन वर्षा के कारण देर हुई। कई जगहों पर अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद के कारण भी देर हो रही है।
मुख्यमंत्री ने किया था निरीक्षण
मानीराम बालापार टिकरिया गांगी बाजार मार्ग का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों निरीक्षण किया था। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए थे।
सड़क का नाम - मानीराम-बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार मार्ग
लंबाई - 16.15 किलोमीटर
चौड़ाई - फोरलेन
रजिस्ट्री - 2552
पेड़ काटे गए - 911
बिजली पोल हटाए - 874
माइनर ब्रिज व कल्वर्ट - 14
नाला की लंबाई - 32.3 किलोमीटर
कार्य शुरू होने की तिथि - 11-02-25
पिचिंग का काम शुरू कर दिया गया है। जिन स्थानों पर अतिक्रमण को लेकर समस्या है, उसके समाधान के लिए बातचीत चल रही है। दिन-रात काम कराया जा रहा है। नाला निर्माण भी तेजी से हो रहा है। 15 दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। -यूपी सिंह, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड तीन, लोक निर्माण विभाग।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 400 करोड़ की लागत से बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, जलभराव से बचने के लिए बढ़ेगी ऊंचाई
