गोरखपुर में भारी बारिश के चलते 26 सितंबर को 12वीं तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद, सरकारी आदेश जारी
गोरखपुर में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण जिलाधिकारी के निर्देश पर 26 सितंबर को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
गोरखपुर में 26 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे।
भारी वर्षा के कारण जिलाधिकारी ने निर्देश दिए।
कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालय प्रभावित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर गोरखपुर में 26 सितंबर को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने शुक्रवार को इस संबंध में कार्यालयादेश जारी करते हुए सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 26 सितंबर को जिले में संचालित सभी राजकीय, परिषदीय, सीबीएसई, आइसीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों, संस्कृत बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संचालित विद्यालयों और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
जिम्मेदार होंगे उत्तरदायी
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 26 सितंबर को किसी भी कक्षा का विद्यालय संचालन नहीं होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना होने की स्थिति में संबंधित संस्था के प्रबंधक, प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक स्वयं उत्तरदायी होंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। साथ ही दैनिक समाचार पत्र में निशुल्क प्रकाशन के लिए भी आदेश उपलब्ध कराया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण
नोट: यह अवकाश केवल 26 सितंबर 2026 के लिए घोषित किया गया है। आगे मौसम की स्थिति के अनुसार प्रशासन की ओर से कोई नया आदेश जारी किया जा सकता है।
