विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में पोर्टल पर नहीं खुला 'सुधार' का दरवाजा, छात्रवृत्ति से वंचित रह गए विद्यार्थी

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:24 AM (IST)

गोरखपुर में दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत आवेदन सुधार का अवसर तकनीकी गड़बड़ी के कारण बेकार हो ...और पढ़ें

छात्रवृत्ति पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ी से संशोधन का मौका भी गंवा बैठे विद्यार्थी। सांकेतिक तस्वीर

छात्रवृत्ति पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ी से संशोधन का मौका भी गंवा बैठे विद्यार्थी। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. छात्रवृत्ति आवेदन सुधार का मौका तकनीकी गड़बड़ी से छूटा।

  2. पोर्टल पर सर्वर समस्या के कारण विद्यार्थी संशोधन नहीं कर पाए।

  3. समाज कल्याण विभाग समस्या समाधान के लिए कार्रवाई कर रहा है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान आवेदन के बावजूद लाभ से वंचित विद्यार्थियों की समस्या जस की तस बनी है। शासन की ओर से सुधार का मौका भी तकनीकी गड़बड़ी की भेंट चढ़ गया है।

पोर्टल में सर्वर संबंधी समस्या के कारण विद्यार्थी निर्धारित अवधि में आवेदन में त्रुटियों का संशोधन नहीं कर सके। इसे लेकर समाज कल्याण विभाग में लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं। विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई किए जाने की बात कह रहे हैं।

शासन ने छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित विद्यार्थियों को राहत देने के लिए आवेदन में सुधार का अवसर प्रदान किया था। इसके तहत पीएफएमएस से प्रतिक्रिया नहीं मिलने, आवेदन लंबित रहने, मास्टर फीस उपलब्ध नहीं होने, गलत संबद्धता या काउंसलिंग, परीक्षा परिणाम में त्रुटि और निर्धारित तिथि के बाद परिणाम घोषित होने से भुगतान अटकने जैसे मामलों में सुधार की व्यवस्था की गई थी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 18 सितंबर तक विद्यार्थियों के लागिन पर त्रुटियां प्रदर्शित की जानी थीं। इसी अवधि में संशोधन का अवसर भी था। 17 से 19 सितंबर तक संस्थानों को आवेदनों का सत्यापन करना था। इसके बाद 25 सितंबर तक समिति स्तर से डाटा पर निर्णय, 26 से 28 सितंबर तक मांग सृजन और 29 सितंबर से दो अक्टूबर तक पीएफएमएस के माध्यम से विद्यार्थियों के खातों में धनराशि भेजने का कार्यक्रम तय किया गया था।

यह भी पढ़ें- काम की खबर: 26 से 30 सितंबर तक लगातार 4 दिन बैंक बंद, केवल रविवार को खुलेंगे काउंटर

हालांकि पोर्टल पर संशोधन के लिए प्रयास करने वाले विद्यार्थियों को सर्वर की समस्या का सामना करना पड़ा। जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांसगांव की छात्रा नूतन भारती ने बताया कि 16 से 19 सितंबर तक पोर्टल नहीं खुला। इससे वह आवेदन में आवश्यक सुधार नहीं कर सकीं। बीआरडी मेडिकल कालेज में बी फार्मा की नियमित छात्रा प्रगति ने भी इसी तरह की समस्या की शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि पोर्टल में समस्या सामने आई है। इसके समाधान को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक योजना' पस्त, 61 के लक्ष्य के मुकाबले मिले सिर्फ 4 पशुपालक