विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में किशोर की मौत का मामला हत्या में बदला, 5 भेजे गए जेल

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:01 AM (IST)

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान किशोर आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं जोड़ी हैं। इस घटना में बैकहो लोडर चालक सहित पांच लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें चार सपा नेता शामिल हैं।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण

HighLights

  1. किशोर आर्यवर्धन की मौत में हत्या की धारा बढ़ी।

  2. अखिलेश यादव के रोड शो से जुड़ा मामला।

  3. बैकहो लोडर चालक सहित पांच आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में बैकहो लोडर की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धारा बढ़ा दी है। मामले में बैकहो लोडर चालक विनोद सिंह समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

इनमें चार सपा नेता बताए जा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई में मुख्य आरोपित मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू अभी हाथ नहीं आया है। आरोपितों को दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

वहीं, हिरासत में लिए गए 10 सपा नेताओं को छोड़ने की मांग को लेकर अभिनेत्री और सपा नेत्री काजल निषाद शुक्रवार शाम एम्स थाने पहुंच गई और धरने पर बैठने लगी। पुलिसकर्मियों ने समझाकर बाहर किया।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि 18 नवंबर को अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। झारखंडी मोड़ के पास सिंघड़िया क्षेत्र में स्वागत के लिए खड़े बैकहो लोडर की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। वह केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था।

ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में पहले लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वादी की ओर से दिए गए दूसरे प्रार्थना पत्र और जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) हत्या और 61(2) आपराधिक षड्यंत्र बढ़ा दी है।

गिरफ्तार आरोपितों में झंगहा क्षेत्र के गहिरा शाही टोला निवासी विनोद सिंह,राघोपट्टी निवासी नरसिंह यादव, पादरी बाजार-मोहानापुर निवासी राहुल यादव, रामपुर गोपालपुर निवासी वीरेंद्र यादव और चिलुआताल क्षेत्र के रामपुर चक निवासी शिवांग निषाद शामिल हैं। विनोद सिंह बैकहो लोडर का चालक बताया गया है। इस मामले में तारामंडल निवासी मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू की तलाश पुलिस के लिए अहम है।

उसे रोड शो का आयोजक बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हादसे में शामिल बैकहो लोडर के मालिक की भूमिका और रोड शो में शामिल अन्य वाहनों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस पहले ही तीन अन्य बैकहो लोडर और दो क्रेन कब्जे में ले चुकी है। उधर, हिरासत में लिए गए सपा नेताओं को जबरन थाने में रखने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार की शाम सपा नेत्री काजल निषाद एम्स थाने पहुंचीं।

उन्होंने पुलिस से नेताओं को हिरासत में लेने की वजह पूछी और उन्हें छोड़ने की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दौरान थाने पर सपा नेताओं और पुलिस के बीच गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली मां के निधन की खबर, भावुक क्षणों के बीच CM योगी ने निभाया अपना दायित्व


अखिलेश यादव ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर हादसे में पीडीए समाज के शिवांग निषाद, नरसिंह यादव, राहुल यादव और वीरेंद्र यादव को झूठे आरोपों में जेल भेजे पर नाराजगी जताई। अखिलेश ने दावा किया कि इस मामले में वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, फिर भी अन्याय-अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच कराने की मांग की।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर रोड शो हादसा: सपा नेताओं की तलाश में रातभर दबिश, 20 का शांतिभंग में चालान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।