गोरखपुर रोड शो हादसा: सपा नेताओं की तलाश में रातभर दबिश, 20 का शांतिभंग में चालान
गोरखपुर रोड शो हादसे के बाद पुलिस ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर रातभर छापेमारी की। पांच नामजद समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है और 20 का शांतिभंग में चालान किया गया है, जबकि मुख्य आयोजक और बैकहो लोडर मालिक की तलाश जारी है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पुलिस ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर रातभर दबिश दी।
66 लोगों पर मुकदमा दर्ज, 20 का शांतिभंग में चालान हुआ।
मुख्य आयोजक और बैकहो लोडर मालिक की तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पांच नामजद समेत 66 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुरुवार को आरोपितों की तलाश में रातभर छापेमारी की। कैंट, खोराबार, रामगढ़ताल और पीपीगंज समेत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय रहीं।
रोड शो में शामिल रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर दबिश दी गई। जो लोग घर पर मिले, उन्हें पूछताछ के लिए एम्स थाने लाया गया। इनमें से चार नेताओं को हिरासत में रखकर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने 20 लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया है।
पुलिस की कार्रवाई में अब बैकहो लोडर के मालिक खोराबार निवासी मनोज मिश्रा की तलाश तेज कर दी गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए खोराबार और एम्स थाने की पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। वहीं, रोड शो के मुख्य आरोपित और आयोजक बताए जा रहे मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू की तलाश की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को दी गई है।
पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उधर, हिरासत में रखे गए सपा नेता मार्कंडेय यादव समेत चार अन्य की भूमिका स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने उनकी काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) निकलवा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले और बाद में उनकी किन लोगों से बातचीत हुई और रोड शो में उनकी क्या भूमिका थी। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि सीडीआर की जांच के बाद हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- 'यूपी अब उत्सव का प्रदेश, अराजकता फैलाने वालों को कुचल देगी सरकार', गोरखपुर में सीएम योगी का सख्त संदेश
रोड शो में शामिल नेता घर छोड़ दें..
पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलने पर कई सपा नेताओं ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करना शुरू कर दिया था। कुछ नेताओं ने रोड शो में शामिल रहे लोगों से घर छोड़ने तक की अपील की।
कार्यक्रम में शामिल अधिकांश लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है। हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने और छुड़ाने के लिए शुक्रवार को एम्स थाने के बाहर देर शाम तक सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही।
यह भी पढ़ें- बहराइच के भेड़िये गोरखपुर चिड़ियाघर में हुए एक, साथ रहने लगे नर-मादा, बाड़े में चलकर बना दिया था ‘आठ’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।