गोरखपुर में सर्वर की खराबी से ठप हुई रजिस्ट्री, सैकड़ों लोग परेशान
गोरखपुर में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का सर्वर डाउन होने से शुक्रवार को रजिस्ट्री प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई। ई-स्टांप ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का सर्वर रहा डाउन।
ई-स्टांप सत्यापन न होने से रजिस्ट्री प्रक्रिया हुई बाधित।
सामान्य से बेहद कम रजिस्ट्री हुईं, 600 लोग लौटे निराश।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का सर्वर शुक्रवार को दिनभर परेशान करता रहा। स्टाक होल्डिंग का सर्वर डाउन रहने से ई-स्टांप में जमा शुल्क का आनलाइन सत्यापन नहीं हो सका। इसका सीधा असर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पर पड़ा। सदर तहसील के सब रजिस्ट्रार कार्यालय प्रथम और द्वितीय में सामान्य दिनों की तुलना में बेहद कम रजिस्ट्री हुईं। एक दिन पहले आनलाइन आवेदन कर चुके लोगों की ही रजिस्ट्री हो सकी, जबकि नए आवेदन भी नहीं हो पाए।
दोनों कार्यालयों में सामान्य तौर पर रोजाना 160 से 180 रजिस्ट्री होती हैं। इसके मुकाबले शुक्रवार को केवल 37 रजिस्ट्री हो सकीं। करीब 600 क्रेता, विक्रेता और गवाहों को बिना रजिस्ट्री कराए वापस लौटना पड़ा। रजिस्ट्री कार्यालयों में नए आनलाइन आवेदन नहीं लिए जा सके।
अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को सोमवार को आने की सलाह दी। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण शनिवार को कार्यालय बंद रहेगा। लोगों से कहा गया कि आनलाइन आवेदन कराने के लिए सुबह ही पहुंचें, ताकि आवेदन के बाद उसी दिन रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर स्कूल वैन हादसे में छात्र की मौत, BSA ने शुरू की जांच; प्रबंधक को नोटिस
दस्तावेज लेखक संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष शैलेष कुमार गोस्वामी ने बताया कि समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता की गई। बताया गया कि पूरे प्रदेश में सर्वर डाउन है। यह तकनीकी समस्या है और जल्द दूर हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- VIDEO: गोरखपुर में कपड़ा दुकान से 20 साड़ियां चुराकर फरार हुईं चार महिलाएं, CCTV में कैद हुई वारदात
स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का सर्वर डाउन होने से सुबह ई-स्टांप के शुल्क का सत्यापन नहीं हो पा रहा था। दोपहर बाद सर्वर ठीक हुआ, जिसके बाद आवेदकों की रजिस्ट्री कराई गई।
-बृजेश पाठक, एआइजी, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन
