गोरखपुर में आवास की फाइल के लिए भिड़े प्रधान और पूर्व सचिव, पैसे के लेनदेन को लेकर मारपीट
गोरखपुर में प्रधान और पूर्व सचिव के बीच आवास योजना की फाइल को लेकर खंड विकास अधिकारी के कक्ष में मारपीट हो गई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
प्रधान दिनेश निषाद और पूर्व सचिव अवधराज में विवाद।
आवास योजना की फाइल और पैसे के लेनदेन पर मारपीट।
पीपीगंज थाने में तहरीर, पुलिस ने जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, पीपीगंज। भरोहिया विकास खंड के लक्ष्मीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान/प्रशासक दिनेश निषाद और पूर्व सचिव अवधराज के बीच सोमवार को आवास योजना की फाइल को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच खंड विकास अधिकारी के कक्ष में मारपीट शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद बीडीओ अरुण कुमार ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना बाद प्रधान ने पीपीगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधान दिनेश निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अवधराज दो वर्ष तक उनकी ग्राम पंचायत के सचिव रहे। इस दौरान आवास योजना में अनियमितता किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रधान ने पूर्व सचिव से कथित तौर पर वाहन खरीदने के लिए लिए गए दो लाख रुपये वापस करने की बात कही। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
प्रधान ने पूर्व सचिव पर लात-घूंसों से मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। हालांकि घटना को लेकर दोनों के बीच पूर्व के विकास कार्यों में कमीशन को लेकर विवाद की चर्चा है।
बीडीओ अरुण कुमार ने बताया कि प्रधान और पूर्व सचिव के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया। वहीं, थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि प्रधान की तहरीर मिली है। मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
