गोरखपुर में चार दिन पंचायत के बाद लगा पोल, आज आएगी चार गांवों में बिजली
गोरखपुर के गोविंदपुर में आंधी से टूटे बिजली के 12 पोलों को लेकर चार दिन से चल रहा विवाद सुलझ ...और पढ़ें

सहजनवा के गोविंदपुर का मामला, जेई ने आरोपितों के खिलाफ दी थी तहरीर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गोविंदपुर में आंधी से 12 बिजली के पोल टूट गए थे।
पोल लगाने की जगह पर चार दिन तक विवाद चला।
पंचायत के बाद पोल लगे, गुरुवार को बिजली आपूर्ति बहाल होगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सहजनवा के घघसरा क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर में चार दिन के पंचायत के बाद आखिरकार बिजली के 12 पोल लगा दिए गए। गांव वाले आंधी से टूटे पोल की जगह दूसरा पोल सड़क से थोड़ा अंदर की तरफ लगवाना चाहते थे। इसका विरोध वहां के भवन स्वामी कर रहे थे।
उनका कहना था कि पोल जहां लगे थे, वहीं दोबारा लगाए जाएं। चार दिन से यह प्रकरण उलझा था। इस कारण चार गांवों में बिजली नहीं आ रही थी। पोल लगने के बाद अब गुरुवार को इन गांवों में बिजली आने की उम्मीद है।
सहजनवा तहसील के घघसरा उपकेंद्र अंतर्गत गोविंदपुर के आंधी व वर्षा के बीच बिजली के 12 पोल टूटकर गिर गए थे। इससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। अभियंताओं ने क्षतिग्रस्त पोल हटाकर नए पोल लगाने की प्रक्रिया शुरू की। मंगलवार को टीम पोल लगाने पहुंची तो कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
इसके बाद काम रुक गया। बुधवार को कर्मचारी दोबारा पहुंचे तो फिर उन्हें काम करने से रोक दिया गया। अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बनी। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य होने के बाद टीम ने काम शुरू करने का प्रयास किया लेकिन विरोध जारी रहा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर चिड़ियाघर में जल्द आएंगे नए मेहमान, दुधवा और पीलीभीत नेशनल पार्क से लाए जाएंगे 2 हाथी
जेई जयराम गुप्ता ने बताया कि लोगों को समझाकर पोल लगाने का प्रयास किया गया लेकिन वह तैयार नहीं हुए। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। अब पोल लगा दिए गए हैं। गुरुवार को इस पर तार खींच कर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
