गोरखपुर के सहारा एस्टेट उपकेंद्र में धमाका, 8000 घरों की बिजली कटी; पानी को तरसे उपभोक्ता
गोरखपुर के सहारा एस्टेट उपकेंद्र के स्विच यार्ड में रविवार सुबह धमाका होने से लगभग आठ हजार घरों की बिजली ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सहारा एस्टेट उपकेंद्र के स्विच यार्ड में हुआ धमाका।
धमाके से लगभग आठ हजार घरों की बिजली कटी।
लाइटनिंग अरेस्टर में खराबी से बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सहारा एस्टेट उपकेंद्र से स्विच यार्ड में रविवार सुबह तकरीबन सात बजे धमाका हो गया। इससे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस कारण तकरीबन आठ हजार घरों की बिजली कट गई। लाइटनिंग अरेस्टर (एलए) में धमाका होने के बाद कटी बिजली तकरीबन तीन घंटे बाद आई। हालांकि पैनल व अन्य स्थानों पर गड़बड़ी के कारण कुछ इलाकों में बिजली आती-जाती रही।
सहारा एस्टेट उपकेंद्र से सहारा एस्टेट परिसर के साथ ही दिव्यनगर और अन्य इलाकों के आठ हजार घरों को बिजली दी जाती है। रविवार सुबह स्विच यार्ड में धमाका होने के बाद कर्मचारियों ने जांच शुरू की। पता चला कि एलए में धमाका हुआ है। इस कारण 33 हजार वोल्ट की लाइन का जंपर दो जगह कट गया।
सहारा एस्टेट उपकेंद्र के जेई कैलाश प्रसाद ने बताया कि एलए में धमाका होने के कारण 33 हजार वोल्ट की लाइन के जंपर दो जगह कट गए। इनको सही कर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की गई तो पैनल में खराबी आ गई। इसे सही कराकर आपूर्ति बहाल की गई लेकिन भक्ता गांव में 250-250 केवीए के दो ट्रांसफार्मरों में गड़बड़ी आ गई। इसे सही कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- मुफ्त के भोजन ने बदला बंदरों का मिजाज, गोरखपुर में इंसानी बस्तियों की ओर क्यों बढ़ रहा आतंक?
यह होता है एलए
लाइटिंग अरेस्टर सभी बिजली उपकेंद्रों में बिजली गिरने से ट्रांसफार्मरों को होने वाली क्षति से बचाने के लिए लगाया जाता है। बिजली गिरती है एलए ऊर्जा को जमीन के अंदर पहुंचा देता है। अभियंताओं का कहना है कि रविवार को बिजली नहीं गिरी है लेकिन पहले बिजली गिरने से एलए कमजोर हो गया होगा।
