विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर पुलिस का बड़ा कदम: 5000 बदमाशों का नया डोजियर होगा तैयार, रिकॉर्ड होगा अपडेट

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:56 AM (IST)

गोरखपुर पुलिस करीब पांच हजार बदमाशों का नया डोजियर तैयार करेगी। यह कवायद पुराने रिकॉर्ड को अपडेट करने और अपराधियों की निगरानी मजबूत करने के लिए की जा रही है।

नए सेल को बदमाशों की जानकारी जुटाने और लगातार अपडेट रखने की जिम्मेदारी। जागरण

नए सेल को बदमाशों की जानकारी जुटाने और लगातार अपडेट रखने की जिम्मेदारी। जागरण

HighLights

  1. पुलिस 5000 बदमाशों का नया डोजियर तैयार करेगी।

  2. पुराने रिकॉर्ड को नए सिरे से अपडेट किया जाएगा।

  3. बदमाशों की वर्तमान स्थिति और नए फोटो जुटाए जाएंगे।

जागरण संवाददाता, गाेरखपुर। जिले में अपराधियों पर नजर रखने और उनकी गतिविधियों की जानकारी अपडेट रखने के लिए पुलिस अब करीब पांच हजार बदमाशों का नया डोजियर तैयार कराएगी। इसके लिए पुलिस ने नया सेल बनाया है।

यह सेल बदमाशों की वर्तमान स्थिति, आपराधिक इतिहास, पते और नए फोटो समेत अन्य जरूरी जानकारियां जुटाकर रिकॉर्ड को अपडेट करेगा। तैयार डोजियर की बुकलेट जिले के सभी थानों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे थाना स्तर पर अपराधियों की निगरानी और पहचान में आसानी हो सके।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2019-20 में जिले के बदमाशों का डोजियर तैयार कराया गया था। इसमें उस समय सक्रिय और पुलिस की निगरानी में रहे बदमाशों का ब्योरा शामिल किया गया था। इसके बाद से इस रिकॉर्ड को व्यापक स्तर पर अपडेट नहीं किया गया। करीब छह-सात वर्षों में कई बदमाशों की स्थिति बदल चुकी है। कई जेल से बाहर आ चुके हैं, जबकि कुछ की गतिविधियों और ठिकानों में भी बदलाव हुआ है।

ऐसे में पुलिस अब पुराने रिकार्ड को नए सिरे से तैयार कराने की कवायद कर रही है। नए डोजियर में बदमाश का नाम, पता, फोटो, आपराधिक इतिहास, वर्तमान स्थिति और पुलिस रिकार्ड से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल की जाएंगी। इस बार नए फोटो जुटाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि पुराने फोटो के बजाय वर्तमान फोटो होने से बदमाशों की पहचान करने में पुलिसकर्मियों को आसानी होगी।

तैयार होने के बाद डोजियर की बुकलेट जिले के सभी थानों को उपलब्ध कराई जाएगी। थाना स्तर पर पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में रहने वाले बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। किसी वारदात के बाद संदिग्धों की पहचान करने और पुराने अपराधियों की गतिविधियों की जांच में भी यह रिकार्ड पुलिस के लिए मददगार होगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर को सीएम योगी की बड़ी सौगात, आज 8 करोड़ की लागत से बने महिला शरणालय का करेंगे लोकार्पण

नए सेल को बदमाशों की जानकारी जुटाने के साथ उसे लगातार अपडेट रखने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। इससे भविष्य में किसी बदमाश की स्थिति, पता या गतिविधियों में बदलाव होने पर रिकार्ड को समय-समय पर संशोधित किया जा सकेगा। खास बात यह है कि वर्ष 2019-20 में जब डा. कौस्तुभ एसपी सिटी थे, तब भी जिले के बदमाशों का डोजियर तैयार कराया गया था।

अब एसएसपी के तौर पर उनकी निगरानी में एक बार फिर उसी व्यवस्था को नए स्वरूप में लागू करने की कवायद शुरू की गई है। इस बार पुराने रिकार्ड को आधार बनाकर बदमाशों की वर्तमान स्थिति और नई जानकारी जुटाने पर जोर दिया जा रहा है। नए डोजियर से थाना स्तर पर बदमाशों की निगरानी के साथ किसी घटना के बाद पुराने अपराधियों का रिकार्ड खंगालने में भी सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दीवाली पर पूरा होगा अपने घर का सपना, खोराबार टाउनशिप के 1600 आवंटियों को मिलेगी चाबी