विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में धमकाने का वीडियो बनाया तो पुलिसकर्मियों ने युवक को घसीटा, भीड़ जुटने पर छोड़ा

Published: Sat, 26 Sep 2026 11:53 AM (IST)

गोरखपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए फिल्माने पर एक युवक को घसीटा गया ...और पढ़ें

महेवा चौकी क्षेत्र की है घटना,इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो। जागरण

महेवा चौकी क्षेत्र की है घटना,इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो। जागरण

HighLights

  1. युवक ने पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए वीडियो बनाया।

  2. पुलिसकर्मियों ने युवक को घसीटा, मोबाइल छीना और गाली दी।

  3. एसपी सिटी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। युवकों को धमका रहे पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाना महेवा के युवक को भारी पड़ गया। गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान वीडियो बनाने पर फलमंडी चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों पर युवक को खींचकर पुलिस वाहन में बैठाने, मोबाइल छीनने और गाली देने का आरोप लगा है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को खींचकर वाहन की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। युवक के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उसे छोड़ दिया गया। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय पहुंचे पीड़ित ने एसपी सिटी से मामले की शिकायत करते हुए बताया कि चौकी प्रभारी जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं।
घटना बुधवार शाम करीब 5:20 बजे शिवपुरी नई कालोनी में हुई। महेवा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारी चल रही थी। अजय निषाद के घर के सामने म्यूजिक सिस्टम तैयार किया जा रहा था और उसे शीतला माता मंदिर के पास लगाया गया था।

अजय ने एसपी सिटी को बताया कि वह पैदल ही विसर्जन स्थल की ओर जा रहा था। रास्ते में फलमंडी चौकी प्रभारी व सिपाही म्यूजिक सिस्टम के पास खड़े युवकों को डांट रहे थे। वह रुक गया और पुलिस की कार्रवाई का वीडियो बनाने लगा। उसे देखकर चौकी प्रभारी और दो सिपाही नाराज हो गए।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसका मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर उसे पकड़कर घसीटा और पुलिस वाहन में बैठाने लगे। उसके शोर मचाने पर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे घटना के वीडियो में चौकी प्रभारी और दो सिपाही हाथ पकड़कर अजय को खींचकर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद परिवार के लोग पुलिसकर्मियों से युवक को ले जाने का कारण पूछते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक को पुलिसकर्मियों से छुड़ाने के लिए परिवार के लोग विरोध करते भी दिखाई दे रहे हैं।

भीड़ जुटने पर चौकी प्रभारी व सिपाही ने अजय को छोड़ दिया। आरोप है कि अब जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- जागरण एजेंडा: गोरखपुर में लाखों खर्च कर बनाया डिवाइडर, जलभराव पर 16 जगह तोड़कर निकाला पानी


बेलघाट में पुलिस पर महिला से मारपीट का आरोप
बेलघाट के सोपाई घाट में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पुलिस के एक युवक के घर पहुंचने पर विवाद खड़ा हो गया। युवक ने पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर उसकी मां के साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि मारपीट में उसकी मां की नाक से खून निकल आया।

मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारियों ने आरोप से इनकार किया है। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस इसी मामले में मौके पर गई थी। उन्होंने बताया कि संबंधित युवक का भाजपा से कोई संबंध नहीं है। महिला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप भी गलत है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर जागरण फिल्म फेस्टिवल में बोले रवि किशन, 'समय होत बलवान... इंतजार किया, 34 साल बाद आया समय'