गोरखपुर में बन रहा यूपी का पहला प्लास्टिक पार्क, निर्माण के लिए 70 प्लॉट आवंटित; GAIL करेगा कच्चे माल की सप्लाई
गोरखपुर के गीडा में पूर्वांचल का पहला प्लास्टिक पार्क तेजी से विकसित हो रहा है, जहां 92 में से 70 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गीडा में पूर्वांचल का पहला प्लास्टिक पार्क विकसित।
गेल करेगा कच्चे माल की आपूर्ति, लागत घटेगी।
सीपेट केंद्र से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गीडा पूर्वांचल में प्लास्टिक उद्योग का नया ठिकाना बनने लगा है। पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे 88 एकड़ में विकसित इस प्लास्टिक पार्क में निवेशकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। कुल 92 भूखंडों में से अब तक 70 का आवंटन किया जा चुका है। खास बात यह है कि आवंटन के दो साल के भीतर ही 10 इकाइयों में व्यावसायिक उत्पादन भी शुरू हो गया है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के पहले प्लास्टिक पार्क में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को अब कच्चे माल की उपलब्धता के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने पार्क में ही कच्चे माल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम गेल (गेल) के साथ समझौता किया है। इससे उद्यमियों को कच्चा माल आसानी से उपलब्ध होगा और उसकी ढुलाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। उत्पादन लागत घटने से इकाइयों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।
एक्सप्रेस-वे से कारोबार को मिलेगी रफ्तार
प्लास्टिक पार्क भारत सरकार के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग की प्लास्टिक पार्क योजना के तहत स्वीकृत देश के 10 पार्कों में शामिल है। पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे से इसकी सीधी कनेक्टिविटी तैयार उत्पादों को दूसरे राज्यों और बाजारों तक पहुंचाने में मददगार होगी। वहीं गेल के साथ समझौते से कच्चे माल की आपूर्ति परिसर में ही होने का रास्ता साफ हुआ है। इससे परिवहन और भंडारण से जुड़ी परेशानियां कम होंगी।
प्लास्टिक पार्क में इन कंपनियों ने शुरू किया निवेश
पार्क में टेक्नोप्लास्ट पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, विशाल वीडियो एंड एप्लायंसेज (आइसन कूलर्स), नोवामैक्स कूलर्स, माडर्न पैकेजिंग, ओमफ्लेक्स इंडस्ट्रीज और गजानन पालीप्लास्ट जैसी कंपनियां निवेश कर रही हैं। इनमें से कई इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है।
पांच एकड़ में बनेगा सीपेट केंद्र
औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की भी तैयारी है। इसके लिए केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान (सीपेट) को पांच एकड़ भूमि निश्शुल्क उपलब्ध कराई गई है। यहां प्लास्टिक उद्योग से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशाला भी स्थापित की जा रही है।
गेल के साथ समझौते, एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी और सीपेट की स्थापना से प्लास्टिक पार्क पूर्वांचल में प्लास्टिक आधारित उद्योगों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। -विशाल कुमार, सीईओ, गीडा।
यह भी पढ़ें- ऊपर से चमकदार, अंदर निकली हरी फफूंदी! बदायूं की मशहूर 'नैना स्वीट्स' की मिठाई खाकर बिगड़ी परिवार की तबीयत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।