ऊपर से चमकदार, अंदर निकली हरी फफूंदी! बदायूं की मशहूर 'नैना स्वीट्स' की मिठाई खाकर बिगड़ी परिवार की तबीयत
बदायूं के शिवपुरम निवासी बृजनंदन लाल गुप्ता के परिवार ने नैना स्वीट्स की मिठाई खाई, जिसमें फफूंद लगी थी, जिससे ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
शहर के शिवपुरम निवासी बृजनंदन लाल गुप्ता ने की खाद्य विभाग से शिकायत, जांचकर कार्रवाई का आश्वासन
जागरण संवाददाता, बदायूं। शहर में नैना स्वीट्स का नाम बड़ी दुकानों में लिया जाता है और उसी नैना स्वीट्स की मिठाई में फफूंद निकलने की बात सामने आई। आरोप है कि उसको खाते ही एक ही परिवार के कई लोग बीमार पड़ गए। अब मामला खाद्य सुरक्षा विभाग तक पहुंच गया है।
शिवपुरम गली नंबर दो में रहने वाले बृजनंदन लाल गुप्ता अपने परिवार के लिए नैना स्वीट्स से मिठाई लेकर आए थे। उनकी शिकायत पर खाद्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला शिवपुरम गली नंबर दो निवासी बृजनंदन लाल गुप्ता का कहना है कि वह अपने परिवार के लिए नैना स्वीट्स से मिठाई लेकर आए थे। घर में सब खुश थे।
मिठाई खुली, सबने खानी शुरू की लेकिन जैसे ही एक मिठाई को तोड़ा गया कि अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। मिठाई के अंदर सफेद और हरे रंग की फफूंदी लगी हुई थी। मावा पूरी तरह खराब हो चुका था।
ऊपर से मिठाई चमक रही थी, अंदर से सड़ी हुई थी। तब तक परिवार के कई सदस्यों ने मिठाई खा ली थी। थोड़ी ही देर में किसी को पेट में दर्द शुरू हो गया, किसी को उल्टी आने लगी, किसी को बेचैनी होने लगी।
इससे परिवार के लोगों की हालत खराब हो गई। आनन-फानन में मिठाई खाना रोका गया और बची हुई मिठाई को सबूत के तौर पर संभाल कर रख लिया गया। उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से मांग की है कि नैना स्वीट्स की तत्काल जांच कराई जाए, मिठाई के सैंपल लिए जाएं और अगर आरोप सही पाए जाएं तो सख्त कार्रवाई की जाए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि त्योहारों के समय तो मिठाई की मांग और बढ़ जाती है। ऐसे में अगर जांच नहीं हुई तो और भी परिवार बीमार पड़ सकते हैं।
वहीं नैना स्वीट्स के मालिक अनेक पाल ने बताया कि ग्राहकों की भीड़ देख यह षड़यंत्र किया गया है। उसी दिन ग्राहक से बात के बाद मिठाई चेक की थी तब तक सब सही था। बात होने के बाद उनके घर जान का प्रयास किया, लेकिन तब उन्होंने उठाया नहीं।
इस तरह की शिकायत तो आई है। इसकी जांच कराई जाएगी और जो भी सच्चाई निकलकर सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
- सुखलाल यादव, सहायक खाद्य आयुक्त
यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।